रेवाड़ी में दुकानदार की गोली मारकर हत्या:बेटे के साथ दुकान पर बैठा था, बाइक पर आए बदमाश फायरिंग कर भागे

Spread the love

हरियाणा के रेवाड़ी में मंगलवार शाम को दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खाद बीज की दुकान पर व्यक्ति अपने बेटे के साथ बैठा हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की। मौके से तीन गोलियों के खोल और एक डेमेज कारतूस मिला है। सूचना के बाद DSP क्राइम सुरेंद्र श्योराण कोसली पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। बेटे के साथ दुकान पर बैठा था व्यक्ति
जानकारी के अनुसार भाला गांव निवासी मोहन (50) गांव में खाद-बीच की दुकान चलाते थे। मंगलवार शाम 4 बजे वह अपने बेटे दुष्यंत के साथ दुकान पर ही बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर 2 युवक आए। उन्होंने दुकान के अंदर आकर मोहन को गोली मार दी। इतने में दुष्यंत कुछ कर पाता, बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए। बेटे ने लोगों को इकट्‌ठा किया
इसके बाद दुष्यंत आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके पीछे भी दौड़ा। इसके बाद उसने चिल्लाकर आसपास के लोगों को इकट्‌ठा किया। लोगों की मदद से मोहन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कोसली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आसपास आरोपियों की तलाश की गई, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद से मोहन के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अभी परिवार के लोगों ने घटना पर कुछ भी नहीं कहा है। पुलिस पता लगा रही है कि मोहन की हत्या क्यों की गई। उनका किसी से झगड़ा हुआ था या किसी और बात की रंजिश में उन्हें गोलियां मारी गई हैं। DSP बोले- आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार
DSP सुरेंद्र श्योराण ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मौके से तीन खोल और एक डेमेज कारतूस मिला है। बाइक सवार दो बदमाश शाम करीब चार बजे वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। आरोपियों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हत्या के कारणों का सही खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।