नारनौल में शनिवार देर शाम सफेद रंग की कैंपर में सवार होकर आए बदमाशों ने एक दुकानदार पर हमला कर दिया। बदमाशों ने रॉड व डंडों से दुकानदार से मारपीट की। बाद में जाते समय बदमाश दुकानदार की डिजायर गाड़ी को तोड़ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिंघाना रोड पर रेनबो हॉस्पिटल के पास सुनील मोटर्स के नाम से एक इन्वर्टर बैटरी की दुकान है। दुकानदार सुनील ने बताया कि शाम को करीब सवा छह बजे सफेद रंग की कैंपर पर सवार होकर चार से पांच बदमाश आए। बदमाशों ने आते ही दुकान के अंदर घुसकर उससे मारपीट शुरू की। रॉड से किया हमला दुकानदार ने कहा कि जब वे रॉड से मारने लगे तो उसने अपना बचाव किया। इससे उसका सिर तो बच गया, मगर उसके पांव व हाथ पर चोट आई। उससे मारपीट करने के बाद युवाओं ने उसकी दुकान के बाहर खड़ी डिजायर गाड़ी को रॉड व डंडों से तोड़ दिया। गाड़ी के सारे शीशे तोड़ दिए। वहीं गाड़ी की बॉडी को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। नोटों की गड्डी ले गए दुकानदार सुनील ने बताया कि बदमाश जब उसकी दुकान के अंदर आए तब वे पैसों की गड्डी गिन रहे थे। हमले में वह गड्डी भी नीचे गिर गई, गड्डी के अलावा बचाव करते समय मोबाइल भी गिर गया था। बदमाशों के जाने के बाद उसको नोटों की गड्डी नहीं मिली, मगर मोबाइल वहां पर मिल गया। तीसरी बार हमला हुआ दुकानदार ने आरोप लगाया कि उसकी पड़ोसी दुकानदार से पुरानी रंजिश है। इसी रंजिश के चलते पहले भी दो बार उस पर हमला हो चुका है, अब फिर तीसरी बार उस पर हमला हुआ है। जिससे उसको काफी नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर महावीर चौक पुलिस चौकी के पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा वहां पर जांच शुरू की। वहीं घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नारनौल में दुकानदार पर हमला, कार के शीशे तोड़े:कैंपर गाड़ी में आए बदमाश, दुकान में घुसते ही रॉड व डंडों से वार किए
