रास्ता पर कब्जा को लेकर दुकानदारों ने बिल्डर पर लगाया मनमानी का आरोप

Spread the love

दुकानदारों का कहना है कि मॉल के निर्माण के दौरान उन्हें दोनों ओर से खुला रास्ता दिखाया गया था, लेकिन अब बिल्डर एक रास्ते पर अस्थायी दुकानें लगवाकर रास्ता बंद करने की तैयारी कर रहा है। इससे दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही है और किसी दुर्घटना की स्थिति में मॉल के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाएगा। स्थानीय दुकानदार मोहम्मद निसार ने बताया कि जब उन्होंने दुकान का एग्रीमेंट किया था, तब बिल्डर ने दोनों ओर खुला रास्ता दिखाया था। लेकिन अब एक रास्ते को ब्लॉक कर वहां पर अस्थायी दुकानें लगवाई जा रही हैं। जब इसका विरोध किया गया तो बिल्डर मुकेश भालोटिया, जगदीश संघई, लड्डू खेतान और प्रदीप केडिया ने धमकी भरे लहजे में कहा कि हमारी मर्जी होगी, वही करेंगे, जो करना है कर लो।

निसार ने बताया कि यदि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति होगी तो दुकान तक पहुंचना नामुमकिन हो जाएगा। पूरे कॉम्लेक्स की लिफ्ट और अग्निशमन प्रणाली भी पूरी तरह निष्क्रिय है। वहीं दुकानदार सूजीत यादव ने बताया कि मॉल खुलने के बाद से ही एक गेट पर बिल्डर ने ताला लगा रखा है, जिससे वह क्षेत्र पूरी तरह बंद रहता है। अब उसी इलाके में अस्थायी दुकानें खुलने से मॉल के अंदर की लगभग 60 कपड़ा दुकानों की बिक्री पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बिल्डर की ओर से मोटी रकम लेकर सार्वजनिक स्थल पर दुकानें लगाई जा रही हैं, जिससे मार्केट का मूल ढांचा और व्यवस्था दोनों प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही बिल्डर के जबरन पार्किंग शुल्क वसूलना भी दुकानदारों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। जबकि इसके लिए नगर पर्षद से कोई अनुमति नहीं ली गयी है।

इस पूरे मामले पर जब बिल्डर से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। दुकानदारों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने और मार्केट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

उल्‍लेखनीय है कि इस कॉम्लेक्स में स्मार्ट बाजार और आईलेक्स सिनेमा भी है।