मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। शिवराज ने कर दी किताब लिखने की बड़ी घोषणा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक दिलचस्प घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वे अपनी पत्नी पर एक किताब लिखेंगे। शिवराज सिंह चौहान राजस्थान के बीकानेर में आयोजित एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने अर्जुन राम मेघवाल की तारीफ करते हुए कहा- भाभी जी पर आपने जो किताब लिखी है, उसे मैं एक अद्भुत घटना मानता हूं। किसी में इतनी हिम्मत नहीं होती कि वह पत्नी की खुलकर तारीफ कर दे, वरना लोग कहने लगते हैं कि ये तो जोरू का गुलाम है। शिवराज सिंह चौहान ने आगे मजाकिया लहजे में कहा- आपने ये साहस दिखाया है, अब तो मैं भी एक किताब लिख ही दूंगा। सच में, जीवन में धर्मपत्नी का बहुत बड़ा योगदान होता है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपनी पत्नी को समर्पित किताब ‘एक सफर हमसफर के साथ’ लिखी है। शिवराज सिंह चौहान ने इसी किताब का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में पत्नी पर किताब लिखने की बात कही, जो अब चर्चा का विषय बन गई है। कैलाश खेर ने मंच से लोगों को सुनाई खरी-खोटी
गायक कैलाश खेर जब भी मध्य प्रदेश आते हैं, तो अपने गानों के साथ-साथ लोगों को खरी-खोटी सुनाने से भी नहीं चूकते। हाल ही में उन्होंने सतना में एक कॉन्सर्ट किया था, जिसका एक वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में कैलाश खेर यह कहते नजर आ रहे हैं कि, ‘बहुत कम ऐसे कॉन्सर्ट होते हैं, जहां खाना भी चल रहा हो और गाना भी चल रहा हो। म्यूजिक को इज्जत तब मिलती है, जब खाना-वाना पहले डकार लिया जाए या फिर बाद में ठूंस लिया जाए।’ उन्होंने आगे मजाकिया लहजे में कहा- वैसे भी अपनों से ये कहने का बड़ा मन करता है कि बहुत खाते हो भाई। यह पहला मौका नहीं है जब कैलाश खेर के बयान चर्चा में आए हों। इससे पहले मंदसौर में वे एक भाजपा विधायक के नाम को लेकर मजाक कर चुके हैं और वहां की जनता को गरीब भी कह दिया था। हाल ही में वे ग्वालियर भी पहुंचे थे। वहां पहले तो उन्होंने लोगों की तारीफ की, लेकिन जब थोड़ी अव्यवस्था हुई तो उन्होंने मंच से लोगों से कहा था कि जानवरगिरी मत कीजिए। मीडिया पर मंत्री विजय शाह ने कह दी बड़ी बात
अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले मंत्री विजय शाह ने इस बार मीडिया को लेकर बड़ी बात कह दी है। उन्होंने कहा कि मीडिया वाले उनसे जलते हैं। मंत्री विजय शाह खंडवा मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक साइंस पर आयोजित एक इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मेडिकल छात्रों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके विभाग की ओर से इस साल 14 छात्रों की फीस भरी गई है। मंत्री ने कहा- देख लो, मेरे पास उन बच्चों की लिस्ट है। मैं मन से कुछ नहीं कहता। इसके बाद उन्होंने अपने पीए को वह सूची देते हुए कहा कि इसे मीडिया वालों को दे दो, क्योंकि मीडिया वाले मुझसे जलते हैं। अब कहने वाले कह रहे हैं कि भला मीडिया आपसे क्यों जलेगा? आप तो ऐसी-ऐसी “प्यारी” बातें कर देते हैं कि सुर्खियां खुद-ब-खुद बन जाती हैं। विधायक को घोड़े पर बैठाकर किया गया स्वागत
शाजापुर के भाजपा विधायक अरुण भीमावद जब अपने विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में चुनावी वादा निभाने पहुंचे, तो नजारा किसी बारात से कम नहीं था। ग्रामीणों ने विधायक को घोड़े पर बैठाकर उनका जोरदार स्वागत किया। दरअसल, विधायक अरुण भीमावद ने जलोदा डेरा गांव में टिन शेड बनवाने का वादा किया था। उसी के भूमिपूजन के लिए वे वहां पहुंचे थे। लेकिन भूमिपूजन से पहले गांव में बाकायदा जुलूस निकाला गया, जिसमें विधायक को घोड़े पर बैठाकर पूरे गांव में घुमाया गया। अब कहने वाले कह रहे हैं कि नेता जी की तो पूरी झांकी ही सज गई, और भला इससे ज्यादा और क्या चाहिए। इनपुट सहयोग – प्रशांत द्विवेदी (सतना), सावन राजपुत (खंडवा), पंकज राठौर (अकोदिया) ये भी पढ़ें –
मंत्री बोले- मैं कैलाश विजयवर्गीय नहीं, फंसाने की कोशिश मत करना: सीएम के सामने विधायक की पोल खुली मंत्री इंदर सिंह परमार जब कटनी पहुंचे तो उन्होंने मीडिया से बात तो की, लेकिन उतना ही बोले जितना उन्हें बताना जरूरी लगा। जैसे ही सवालों की बारी आई, मंत्री जी ने टालमटोल शुरू कर दी। उन्होंने कहा- मैं कैलाश विजयवर्गीय नहीं हूं, कि दबाव बनाकर कुछ भी बुलवालोगे। पूरी खबर पढ़ें
शिवराज की नई घोषणा- पत्नी पर किताब लिखूंगा:मंत्री बोले- मीडिया मुझसे जलता है; कैलाश की चुटकी-खाना पहले डकार लो या बाद में ठूंसना
