महाकाल मंदिर के आंगन में सोमवार से प्रारंभ होगी शिवनवरात्री

Spread the love

महाकाल मंदिर के आंगन में सोमवार से प्रारंभ होगी शिवनवरात्री

उज्जैन, 16 फ़रवरी (हि.स.)।महाकाल मंदिर के आंगन में सोमवार से शिवनवरात्र प्रारंभ होगी। बाबा महाकाल को सोमवार प्रात: हल्दी का उबटन लगाया जाएगा। यह मान्यता है कि शिव विवाह के तहत भगवान को इन नाै दिनों तक हल्दी का उबटन लगाया जाता है और महाशिवरात्रि पर्व पर रात्रि को महापूजन पश्चात अगली सुबह पुष्प मुकूट श्रृंगार किया जाता है,जिसमें सवा मन फूल का मुकूट बनता है।

शासकीय पुजारी पं.घनश्याम शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि के नाै दिन पूर्व सोमवार से मंदिर में शिवनवरात्र प्रारंभ होगी। सोमवार प्रात: भगवान महाकाल को हल्दी का उबटन लगाया जाएगा। प्रात: 8 से 9 बजे तक कोटेश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा। आरती पश्चात भगवान महाकाल का पूजन प्रारंभ होगा। महाकालेश्वर भगवान का पूजन 11 ब्राम्हणों द्वारा एकादश एकादशनी रूद्राभिषेक से सभी नाै दिनों तक किया जाएगा। पश्चात प्रात: 10.30 बजे भोग आरती होगी। अपरांह 3 बजे भगवान का संध्या पूजन होकर श्रृंगार किया जाएगा और नये वस्त्र-आभूषण धारण करवाए जाएंगे। भगवान संध्या समय में प्रतिदिन नए स्वरूप में दर्शन देंगे। यह क्रम 25 फरवरी तक चलेगा। महाशिवरात्रि पर्व 26 फरवरी को मनाया जाएगा। इस दिन रात्रि में महापूजन सम्पन्न होगा। भगवान के दर्शन सतत चालू रहेंगे। 27 फरवरी को प्रात: पुष्प मुकूट श्रृंगार दर्शन होंगे और दोपहर 12 बजे वर्ष में एक बार होने वाली भस्मार्ती होगी।

—————