मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। सिंधिया को कहा ‘राजा साहब’, सीएम को दी शाबाशी
ग्वालियर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंच से जैसे ही ज्योतिरादित्य सिंधिया को राजा साहब कहकर पुकारा, पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। भाजपा में नंबर दो की हैसियत रखने वाले अमित शाह का सिंधिया को उनके ही शहर में ऐसा कहना उनके लिए किसी बड़े आशीर्वाद से कम नहीं है। वो भी तब जब कांग्रेस के लोग अकसर कहते हैं कि महाराज सिंधिया भाजपा में जाकर भाई साहब हो गए हैं। अब सिंधिया बता सकेंगे कि वे भाजपा में भी महाराज ही हैं। हालांकि, यहां थोड़ी सी मिस्टेक हो गई, क्योंकि ‘राजा साहब’ के नाम से तो हमारे एमपी में कोई और जाना जाता है। हां, दिग्विजय सिंह की ही बात हो रही है। अब लोग कह रहे हैं कि अमित शाह सिंधिया को ‘राजा साहब’ कहते समय शायद ‘राजा’ के आगे ‘महा’ लगाने भूल गए होंगे। अमित शाह ने मंच से सीएम डॉ. मोहन यादव को भी शाबाशी दी, लेकिन मामा जी से तुलना करके। शाह ने दिग्विजय सिंह का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक जमाने में दिग्विजय सिंह का शासन था। मध्य प्रदेश बीमारू राज्य बनकर रह गया था। शिवराज जी ने मध्य प्रदेश से बीमारू का टैग हटाया। अब मोहन यादव जी शिवराज जी से भी ज्यादा ऊर्जा के साथ इसे आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। अब अमित शाह का सिंधिया को ‘राजा साहब’ कहना। सीएम डॉ. मोहन यादव को शिवराज सिंह से ज्यादा ऊर्जावान बताना। इन बयानों के हर कोई अपने-अपने हिसाब से मायने निकाल रहा है। डिप्टी सीएम का इशारा और हंसने लगे मंत्री प्रहलाद पटेल
ग्वालियर के कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रीवा पहुंचे। यहां कृषक सम्मेलन के मंच पर रोचक नजारा दिखा। दरअसल, अपना संबोधन शुरू कर रहे अमित शाह ने जैसे ही मंत्री प्रहलाद पटेल का नाम लिया तो डिप्टी सीएम ने उनकी ओर इशारा किया, जिसे देखकर मंत्री प्रहलाद हंस दिए। हालांकि, ये इशारा क्या था, क्यों किया? इसका खुलासा तो नहीं हो सका, लेकिन दोनों मंत्रियों की ये हंसी-मजाक चर्चा का विषय बन गई है। राज्यपाल ने विधायक अर्चना चिटनीस को दिया नया नाम
बुरहानपुर आए राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अर्चना चिटनीस को नया नाम दिया है। राज्यपाल ने उन्हें मंच से ‘पानी वाली बाई’ कहकर पुकारा। जिस पर विधायक ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। दरअसल, राज्यपाल ने जल संरक्षण के कामकाज को लेकर विधायक की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- ‘श्रीमती अर्चना चिटनीस जी, पानी का बहुत अच्छा कार्यक्रम उन्होंने किया, तभी से मैं पानी वाली बाई बोलता हूं।’ अब इस तारीफ से उत्साहित विधायक ने राज्यपाल के इस बयान का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, लेकिन उन्होंने ‘पानी वाली बाई’ की जगह ‘पानी वाली दीदी’ लिखा। कुत्तों का आरामगाह बना रतलाम का कलेक्टोरेट
हमारे एमपी को यूं ही अजब-गजब नहीं कहा जाता। रोज कुछ न कुछ ऐसी बानगी सामने आ जाती है। अब रतलाम के कलेक्टोरेट को ही ले लीजिए, जो आजकल कुत्तों का आरामगाह बना हुआ है। परिसर में कुत्ते घूमते और यहां वहां सोते नजर आते हैं। कभी-कभी तो अंदर आकर कलेक्टर के चेंबर तक भी पहुंच जाते हैं। कोई रोक-टोक यहां दिखाई नहीं देती। दरअसल, ये स्थिति ऐसे बनी कि दो महीने पहले कलेक्टोरेट के मुख्य गेट से आमजन की आवाजाही बंद कर दी थी। अब आमजन तो यहां से नहीं आ जा रहे, लेकिन कुत्ते बेरोक-टोक यहां से एंट्री ले रहे हैं और परिसर में आकर आराम भी फरमा रहे हैं। इनपुट सहयोग – रामेंद्र परिहार (ग्वालियर), रईस सिद्दीकी (बुरहानपुर), केके शर्मा (रतलाम) ये भी पढ़ें –
गलती कर बैठे सीएम, पूछा- गुड़ कौन-कौन लगाता है: ‘पुष्पा’ स्टाइल में बोले कलेक्टर- मैं झुकेगा नहीं बैतूल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बैतूल में गुड़ बहुत अच्छा होता है। ऐसे में गुड़ के उत्पादन को बढ़ाने के लिए एक क्लस्टर बनाना चाहिए। बताओ कौन-कौन गुड़ लगाता है, जिनकी अपनी खेती होती है। इस पर विपक्ष ने कहा कि आप कभी खेतों में गए नहीं, इसलिए आपको यह जानकारी नहीं होगी कि गुड़ खेत में नहीं उगता। पूरी खबर पढ़ें
भाजपा में ‘भाई साहब’ से ‘राजा साहब’ बने सिंधिया:मोहन को शिवराज से ज्यादा ऊर्जावान बता गए शाह; राज्यपाल ने भाजपा विधायक को कहा- ‘पानी वाली बाई’
