यूपी में कड़ाके की ठंड, 3 दिन बारिश का अलर्ट:19 शहर शिमला से ज्यादा ठंडे; बर्फीली हवाओं से 4°C तक लुढ़का पारा

Spread the love

यूपी में कड़ाके की ठंड जारी है। बर्फीली हवाओं के चलते सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार सुबह से मेरठ, संभल समेत 25 जिलों में कोहरा छाया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 19 शहरों का न्यूनतम तापमान शिमला (6.6°C) से भी नीचे चला गया है। इस दौरान मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, यहां पारा 2.1°C रिकॉर्ड किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, प्रदेश में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते 48 घंटों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4°C तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा- 15 जनवरी से प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होंगे। इससे न्यूनतम तापमान में 3 से 5°C तक की बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी यूपी में शीतलहर से धीरे-धीरे निजात मिलेगी। हालांकि, कोहरा घना होने की संभावना है। 18 से 20 जनवरी तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। लखनऊ की बात करें तो बुधवार सुबह हल्के कोहरे के असर के साथ धुंध बनी रही। 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवा ने गलन बढ़ा दी। ठंड के चलते 8वीं तक के स्कूल नोएडा-चंदौली में 15 और झांसी में 14 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। गाजियाबाद में 5वीं तक स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे। कोहरे से गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज पहुंचने वाली 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। झांसी रेल मंडल में ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी गई है। यहां मौसम में सुधार होने तक ट्रेनें तय स्पीड से आधी रफ्तार से चलेंगी। मौसम की तस्वीरें देखिए- आपके शहर में आज मौसम कैसा है, अगले एक हफ्ते मौसम कैसा रहेगा? जानने के लिए स्क्रोल करिए…