मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान खेल मंत्री और उनके साथ मौजूद अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने रांची में आयोजित हो रहे सैफ सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारियों से संबंधित जानकारी से उन्हें अवगत कराया।
यह चैंपियनशिप 24 से 26 अक्टूबर तक राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होगी। उद्घाटन 24 अक्टूबर को संध्या 6 बजे होगा।
मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को स्वीकार करते हुए कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करता आ रहा है । इसी कड़ी में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रांची में आयोजित होना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। इसका भव्य, शानदार और सफल आयोजन हो, ताकि खेलों के क्षेत्र में हमारे राज्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान बने।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान राज्य के खेल मंत्री के साथ खेल विभाग के सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर एवं झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक भी मौजूद थे। ———
