छात्रों को विद्यालय नहीं बुलाए जाने पर, अभिभावकों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

कोल्हान प्रमंडल के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, डुमरिया अंतर्गत सत्र 2024-25 में चयनित छात्र-छात्राओं को अब तक विद्यालय में नहीं बुलाए जाने को लेकर अभिभावकों ने गहरी नाराजगी जताई है। इस संबंध में अभिभावकों ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र पहल की मांग की है।

अभिभावकों ने बताया कि चयनित बच्चों का नामांकन पूरा कर 15 नवंबर 2024 को पहली बार धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में बुलाया गया था। वहां 28 अप्रैल 2025 तक नियमित रूप से पढ़ाई भी हुई। इसके बाद 29 अप्रैल से 10 जून 2025 तक ग्रीष्मावकाश रहा।

इस दौरान सूचना दी गई थी कि ग्रीष्मावकाश के बाद बच्चों को 11 जून 2025 से डुमरिया, मंगलासा पोटका स्थित विद्यालय में लाना होगा। लेकिन 11 जून से आज तक छात्रों को विद्यालय में नहीं बुलाया गया है। अभिभावकों ने कहा कि इससे बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और परिवारजन गहरी चिंता में हैं।

अभिभावकों ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि बच्चों को सितंबर माह के प्रथम सप्ताह तक विद्यालय एवं छात्रावास में बुलाकर उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू कराई जाए और उन्हें प्रमोशन दिया जाए।

ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वाले अभिभावकों में रामराई हेम्ब्रम, लालमोहन सिंट, दिलीप बात, सबर सिंह उमुरसान्दी, नेपाल सोथ सहित कई अन्य शामिल हैं। इन अभिभावकों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में विलंब किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है और जिला प्रशासन को इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप करना चाहिए।