यमुनानगर में सिक्योरिटी गार्ड की मौत:वाहन ने मारी टक्कर; ड्यूटी पर जाते समय हादसा, फरार ड्राइवर की तलाश

Spread the love

यमुनानगर जिले के जगाधरी शहर के अंबाला रोड स्थित नाका रक्षक विहार के पास बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहन लाल के रूप में हुई है, जो जय सिटी में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करता था। पुलिस ने मृतक की भाभी की शिकायत पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार तेली माजरा, नीलकंठ कॉलोनी निवासी मामो देवी (65) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पति और दोनों बेटों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उसका देवर सोहन लाल, जो अविवाहित था, पिछले करीब पांच वर्षों से उसके साथ ही रह रहा था। सोहन लाल दिन में दिहाड़ी मजदूरी करता था और रात के समय जय सिटी, जगाधरी में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पर जाता था। ड्यूटी पर जाते हुए रात को हुआ हादसा मामो देवी ने बताया कि बुधवार की शाम करीब सात बजे सोहन लाल पैदल ही अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकला था। करीब साढे सात बजे पड़ोसी पवन कुमार ने सूचना दी कि अंबाला रोड पर नाका रक्षक विहार के पास सोहन लाल का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही मामो देवी और उसका रिश्तेदार दीपक कुमार मौके पर पहुंचे, जहां पता चला कि राहगीरों ने घायल सोहन लाल को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल जगाधरी भिजवा दिया है।इसके बाद वे दोनों सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां डेड हाउस में सोहन लाल का शव देखा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू पुलिस काे दी शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात वाहन के अज्ञात चालक ने सोहन लाल को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सिविल अस्पताल से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना शहर जगाधरी में मामला दर्ज किया। एएसआई राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज किया और मृतक के परिजनों की पहचान के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।