करनाल में स्कूल बस में लगी आग:पहले टायर फटा, फिर शॉर्ट सर्किट हुआ; ड्राइवर ने 30 बच्चों को सुरक्षित निकाला

Spread the love

करनाल के सेक्टर-6 स्थित गुरू ब्रह्मानंद चौक के पास बुधवार को एक निजी स्कूल की बस में अचानक धुआं उठने से अफरा-तफरी मच गई। बस में करीब 30 बच्चे सवार थे और उन्हें घर छोड़ा जा रहा था। धुआं उठते ही ड्राइवर ने तुरंत बस साइड में लगाई और बच्चों को बाहर निकाल दिया। जिसके बाद बस में आग लग गई। ड्राइवर ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। आरपीएस स्कूल की बस में अचानक उठने लगा धुआं जानकारी के अनुसार बुधवार को आरपीएस स्कूल की बस बच्चों को घर छोड़ने के लिए जा रही थी। जब बस सेक्टर-6 के गुरू ब्रह्मानंद चौक के पास पहुंची तो अचानक बस का अगला टायर फटा और बस से धुआं उठने लगा। बस में बैठे बच्चों में घबराहट फैल गई। ड्राइवर ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए बस को सड़क किनारे साइड में रोक दिया और सबसे पहले सभी बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा। अग्निशामक यंत्रों से आग पर पाया काबू बस ड्राइवर सतीश कुमार ने बताया कि बस से धुआं निकलता देख उन्होंने तुरंत बस रोक दी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद बस में आग लग गई, लेकिन बस में मौजूद अग्निशामक यंत्रों की मदद से उन्होंने और कंडक्टर ने आग पर काबू पा लिया। उनकी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। टायर फटने के बाद हुआ शॉर्ट सर्किट घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार बस का टायर फट गया था। टायर फटने के कारण बस में शॉर्ट सर्किट हुआ और पहले धुआं उठा, जिसके बाद आग लग गई। पुलिस ने बताया कि सभी बच्चों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया था, इसलिए कोई भी घायल नहीं हुआ। बाद में दूसरी बस की व्यवस्था करके सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचा दिया गया।