हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने HCS भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार HCS प्रीलिम्स परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इसके बाद 27 से 29 जून तक मुख्य परीक्षा (मेंस) कराई जाएगी। हालांकि, आयोग की ओर से अभी HCS भर्ती को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, लेकिन परीक्षा का शेड्यूल पहले ही घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही आयोग ने इंटरव्यू के लिए भी अनुमानित समय तय किया है। HPSC के अनुसार अगस्त-सितंबर के दौरान उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए जाएंगे। हरियाणा में बदल चुका है पैटर्न और सिलेबस हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा (HCS 2026) की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अहम अपडेट है। राज्य सरकार ने एचसीएस परीक्षा के पैटर्न में बदलाव किया है। अब प्रीलिम्स का पेपर 400 अंकों का होगा, जिसमें दो पेपर शामिल होंगे। इसके साथ ही मेंस परीक्षा में भी जरूरी बदलाव किए गए हैं, जो उम्मीदवार हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें अब नए पैटर्न के अनुसार ही पढ़ाई करनी होगी। हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा का नया पैटर्न हरियाणा सिविल सेवा (HCS) परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है। प्रारंभिक परीक्षा अब 400 अंकों की होगी, जिसमें दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन के 4 पेपर होंगे और कुछ वर्णात्मक प्रश्नपत्र भी शामिल किए गए हैं। प्रत्येक प्रश्नपत्र की अवधि 3 घंटे और 100 अंक तय किए गए हैं। उम्मीदवारों को अब नए पैटर्न के अनुसार ही तैयारी करनी होगी ताकि वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा का पुराना पैटर्न पुराने पैटर्न के अनुसार, हरियाणा सिविल सेवा (HCS) की प्रीलिम्स परीक्षा में दो पेपर होते थे – जनरल स्टडीज और सिविल सर्विस एप्टीट्यूड टेस्ट (CSAT), कुल 200 अंक के। मेंस परीक्षा में चार पेपर होते थे, जिसमें इंग्लिश और हिंदी 100-100 अंक के, और जनरल स्टडीज व ऑप्शनल सब्जेक्ट 200-200 अंक के होते थे। कुल मिलाकर मेंस परीक्षा 600 अंकों की होती थी। ऐसे होती है चयन प्रक्रिया चयन प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार (इंटरव्यू) शामिल हैं, जो उम्मीदवार प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करेंगे, केवल वही आगे मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे और मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ही इंटरव्यू चरण के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
हरियाणा में HCS भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी:प्रीलिम्स 26 अप्रैल को, 27 से 19 जून तक होगी मुख्य परीक्षा; अगस्त-सितंबर में इंटरव्यू
