हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सुपर-100’ योजना के तहत दूसरे चरण (लेवल-2) की प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विभाग द्वारा परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस बार प्रदेशभर से 2,113 से अधिक मेधावी छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे। ये वे छात्र हैं जिन्होंने पहले चरण की परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर ली है। छात्रों के लिए महत्वपूर्ण सूचना यह है कि वे 5 अप्रैल से अपने एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा का आयोजन 19 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच किया जाएगा। तीन चरणों में होगी परीक्षा परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए इसे तीन अलग-अलग बैचों में बांटा गया है। सभी परीक्षाएं कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 कार्यालय में आयोजित की जाएगी। पहले बैच का एग्जाम 19 अप्रैल से 21 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। दूसरे बैच की 22 अप्रैल से 24 अप्रैल और तीसरे बैच का एग्जाम 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक आयोजित होगा। एग्जाम का ये रहेगा पैटर्न इस परीक्षा की सबसे खास बात यह है कि छात्रों को केवल सीधा टेस्ट नहीं देना होगा। प्रत्येक बैच में लगभग 700-700 छात्र शामिल रहेंगे। छात्रों को पहले तीन दिनों तक कोचिंग करवाई जाएगी। इस पढ़ाई के सत्र के बाद ही संबंधित विषयों की लेवल-2 की परीक्षा ली जाएगी। यह योजना मेधावी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक अच्छा मौका देती है। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय पर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और निर्धारित तिथि पर कुरुक्षेत्र केंद्र पहुंचे।
हरियाणा सुपर-100, लेवल-2 एग्जाम का शेड्यूल जारी:2,113 स्टूडेंट होंगे शामिल, 5 अप्रैल से मिलेंगे एडमिट कार्ड, 19 से परीक्षा शुरू
