यमुनानगर में सरपंच की पत्नी की मौत:पशुओं के बाड़े में पानी के गड्‌ढे में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Spread the love

यमुनानगर जिले के सढौरा क्षेत्र में शामपुर गांव के सरपंच जसबीर सिंह की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव पशुओं के बाड़े में पानी के गड्ढे में मिला। परिवार और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी की मॉर्च्युरी में पहुंचाया। वहीं, मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच भी कराई गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय बलजिंद्र कौर पत्नी जसबीर सिंह के रूप में हुई है। रात 10 बजे तक घर नहीं लौटी जानकारी के अनुसार, बीती रात साढ़े 8 से 9 बजे के बीच शामपुर गांव के सरपंच जसबीर सिंह की 45 वर्षीय पत्नी बलजिंदर कौर पशुओं को चारा डालने के लिए बाड़े में गई थीं। रात 10 बजे तक वे घर नहीं लौटीं। जब परिजनों ने तलाश की तो बाड़े में पानी के गड्ढे में उनका शव मिला। घटनास्थल पर उनकी चप्पल और शॉल अलग-अलग जगहों पर पड़ी मिलीं, जिससे परिजनों को हत्या का शक हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जगाधरी सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से गहन जांच की मांग की है। पुलिस हर पहलु की कर रही जांच पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।