जींद के उचाना हलके में इनेलो को बड़ा झटका लगा है। साल 2024 के विधानसभा चुनाव में इनेलो के उम्मीदवार रहे अलेवा गांव के सरपंच विनोद को भाजपा में शामिल कर लिया गया है। यह कदम विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री की मौजूदगी में उठाया गया। विनोद सरपंच अलेवा को भाजपा में शामिल करवाने के बाद विधायक देवेंद्र अत्री ने कहा कि यह इनेलो के लिए एक बड़ा झटका है। उचाना हलके की गिनती प्रदेश की हॉट सीटों में होती है, जहां की हार-जीत पर सबकी नजर रहती है। इस बार बड़े चेहरों को हराकर देवेंद्र अत्री उचाना हलके से विधायक बने हैं। विनोद ढुलगच अलेवा गांव से सरपंच बने थे और उन्हें गांव से एकतरफा वोट मिले थे। अलेवा गांव उचाना हलके के बड़े गांवों में से एक है। विधायक ने सरपंच का किया स्वागत विधायक देवेंद्र अत्री ने सरपंच विनोद और उनकी टीम का भाजपा परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा। अत्री ने दावा किया कि यह तो सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में विभिन्न दलों के प्रमुख लोग भाजपा का दामन थामेंगे। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। विधायक देवेंद्र ने उन बड़े चेहरों की आलोचना की जो उचाना हलके से चुनाव लड़ते हैं लेकिन चुनाव के बाद एक साल से अधिक समय से यहां नजर नहीं आए। विधायक ने कहा कि वे दिल्ली और चंडीगढ़ से राजनीति करने में विश्वास रखते हैं, जबकि उचाना हलका उनका परिवार है और वे सप्ताह में पांच दिन लोगों के बीच रहने की कोशिश करते हैं। सरपंच विनोद ने बताया कि उन्होंने PM मोदी, CM नायब सिंह सैनी और विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री की सोच और नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि वे हलके में भाजपा को मजबूत करने और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। विनोद ने यह भी कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश और आमजन के लिए कार्य कर सकती है।
जींद में सरपंच विनोद BJP में शामिल:इनेलो से विधानसभा चुनाव लड़े थे; बोले- PM मोदी और CM सैनी से प्रभावित
