राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रो. लखपाले की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावशील मानी जाएगी। उनका कार्यकाल एवं सेवा शर्तें छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 के प्रावधानों के अनुरूप रहेंगी।
प्रो. डॉ. राजेन्द्र लखपाले जनवरी 1992 से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से जुड़े हुए हैं। वे कृषि विज्ञान के क्षेत्र में एक अनुभवी शिक्षाविद् और कुशल प्रशासक माने जाते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में कई जिम्मेदार पदों पर रहते हुए शैक्षणिक और अनुसंधान कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक वर्ष में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में यह दूसरा मौका है जब कुलपति को बदला गया है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में प्रो. अशोक सिंह को कुप्रशासन और प्रशासनिक अव्यवस्था के आरोपों के चलते हटाया गया था। इसके बाद डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह को नया कुलपति बनाया गया था, जो अब अपने मूल पद—महली भगत कॉलेज कुसमी (बलरामपुर) पर लौटेंगे।
लगातार हो रहे इन बदलावों से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक वातावरण पर फिर से नए सिरे से सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
