6 हत्याएं करने वाले साइको किलर का एक ही पैटर्न:फरीदाबाद में जान-पहचान बना लड़कियों से छेड़छाड़, विरोध करने पर गला घोंटकर नहर में फेंकता

Spread the love

फरीदाबाद में तीन नाबालिग लड़कियों समेत 6 हत्याएं एक ही तरीके से की गई थीं। सभी को गला घोंटकर मौत के घाट उतारा। फिर लाश को बोरे में डालकर आगरा नहर में फेंक दिया गया। साइको किलर सिंह राज सभी लड़कियों के परिवार से पहले जान-पहचान बनाता था। फिर मौका मिलते ही छेड़खानी करता। वह छोटी बच्चियों को अपना निशाना बनाता था। मरने वाली सभी लड़कियां गरीब परिवार से संबंध रखती थीं। सिंह राज जसाना गांव का रहने वाला है। वह सेक्टर 16 स्थित एक निजी अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड था। गांव में उसके परिवार में कोई नहीं है। उसके कुनबे के लोग उससे कोई रिश्ता नहीं रखते। उसने पहली बार 1987 में अपने चाचा और चचेरे भाई की गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस ने इसको गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन कोर्ट में सबूत के अभाव में उसको बरी कर दिया गया। युवती की हत्या केस में दोषी ठहराए गए सिंह राज को आज फरीदाबाद कोर्ट सजा सुनाएगी। साल 2022 में साइको होने के पता चला
पुलिस के मुताबिक जब सिंह राज को भूपानी की रहने वाली लड़की की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया, तो उससे पूछताछ के दौरान पुराने मामलों की जानकारी मिली। पुलिस की पूछताछ में उसने तीन नाबालिग लड़की और चाचा व चचेरे भाई की हत्या की बात को कबूल लिया। पुलिस को जांच में ये भी पता चला कि सभी की हत्या एक ही तरीके से की गईं। जिससे पुलिस ने माना कि यह एक साइको किलर है। परिवार से बनाता था जान पहचान
पुलिस के मुताबिक अप्रैल 2019 में सिंह राज ने एक 12 साल की लड़की को अपना शिकार बनाया। सेक्टर 17 के पास उसने रात के समय लड़की की गला घोंटकर हत्या कर दी। लड़की के परिवार से उसकी मुलाकात अस्पताल में हुई थी। लड़की का पिता दवाई लेने के लिए अस्पताल में आया था। जहां पर उसकी पहचान सिंह राज से हो गई। जिसके बाद सिंह राज ने उससे फोन नंबर ले लिया और उसके घर पर आना जाना शुरू कर दिया। अप्रैल महीने में उसने सेक्टर 17 में बाहर घूम रही लड़की के साथ छेड़छाड़ की। लड़की ने जब शोर मचाना चाहा तो गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद उसकी लाश को बोरे में भरकर साइकिल पर रखकर आगरा नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया। अस्पताल के अंदर फीमेल सफाई कर्मचारी को मारा
जून 2021 में सिंह राज ने एक 16 साल की फीमेल सफाई कर्मचारी को अस्पताल के अंदर रात के समय गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। अस्पताल में गार्ड की नौकरी करने के चलते उसकी महिला सफाई कर्मचारी से जान पहचान हो गई थी। जून महीने में उसने रात के समय कॉल करके सफाई कर्मचारी को बुलाया और उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। जब महिला सफाई कर्मचारी ने विरोध किया तो उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। जिसके बाद उसके शव को बोरे में भरकर आगरा नहर की झाड़ियों में फेंक दिया। चाय की टपरी वाले की बेटी को मारा
अगस्त 2021 में सिंह राज ने अस्पताल के पास चाय की टपरी लगाने वाली की 12 साल बेटी को गला घोंट कर मार दिया। पहले उसने टपरी पर चाय पीनी शुरू की, जिससे उसकी पहचान टपरी लगाने वाले से हो गई। धीरे-धीरे उसकी लड़की भी उसके साथ घुल-मिल गई। अगस्त महीने में रात के समय लड़की चाय लेकर अस्पताल में अंदर गई थी, लेकिन बाहर आते समय सिंह राज ने उसको रोक लिया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। जब लड़की ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसका भी गला घोंट दिया। हत्या के बाद रात के अंधेरे में उसके भी शव को आगरा नहर की झाड़ियों में फेंक दिया। बाजार से वापस आती लड़की को मारा
दो जनवरी 2022 को ओल्ड फरीदाबाद थाने में भूपानी की रहने वाली युवती की गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ था। एक परिजन ने बताया कि उनकी भांजी ओल्ड फरीदाबाद मार्केट गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। पता चला कि युवती की कॉल हिस्ट्री में अंतिम कॉल सिंह राज के नाम की मिली। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर जसाना के रहने वाले सिंह राज को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया तो उसने युवती की हत्या की बात कबूल की। पूछताछ में सिंह राज ने बताया था कि उसने युवती के साथ छेड़खानी की थी। पोल खुलने के डर से उसने 31 दिसंबर 2022 को युवती को फोन करके सेक्टर-17 के पास बुलाया और वहां पर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को आगरा नहर की झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर युवती का शव सेक्टर-17 में नहर के पास झाड़ियों से बरामद किया था। पुलिस की जांच में पता चला कि लड़की की इलाज के लिए अस्पताल गई थी जहां पर उसकी मुलाकात सिंह राज से हुई थी। सिंह राज ने इलाज के दौरान उसकी मदद की थी। सिंह राज उससे काफी समय से संपर्क में था। जब लड़की उसकी छेड़खानी की बात सभी को बताने के लिए बोलने लगी तो उसने उसकी हत्या की साजिश रची।