रोहतक में जिला परिषद के वाइस चेयरमैन व इनेलो के वरिष्ठ नेता अनिल हुड्डा पर ऑफिस में घुसकर हमला किया गया था। इस मामले में अनिल हुड्डा ने कहा कि इसका दो दिन के अंदर बदला लिया जाएगा। इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं करवाएंगे, बल्कि खुद ही हिसाब चुकता करेंगे। जिला परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा का 12 मार्च को हाउस की मीटिंग में पार्षद के साथ झगड़ा हो गया था, जिसमें दोनों के बीच हाथापाई भी हुई थी। मीटिंग के बाद भी दोनों के बीच झगड़ा हो गया और वाइस चेयरमैन ने लाठी से हमला भी कर दिया था। इसी का बदला लेते हुए वाइस चेयरमैन पर हमला करवाया गया है। पार्षद का नाम लिए बिना बोले अनिल, खुद लूंगा बदला
वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा ने पार्षद धीरज मलिक का नाम लिए बिना कहा कि मीटिंग के दौरान जो हुआ था, उसका हिसाब तुरंत कर दिया था। लेकिन कल धोखे से जो लोगों को भेजकर हमला करवाया गया, उसका हिसाब भी खुद करूंगा और अगले दो दिन में इसका पता चल जाएगा। थाने से केस दर्ज करवाने के लिए फोन आ रहे
वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा ने कहा कि आर्य नगर थाने से लगातार फोन आ रहे हैं कि हमले को लेकर केस दर्ज करवा दें। लेकिन वह केस दर्ज नहीं करवाएंगे। जिसने हमला करवाया है, उसका हिसाब जल्द करेंगे। अगर उन्हें अंदेशा होता तो वह कल ही हिसाब कर देते। पीछे से हमला किया, सामने होते तो भाग नहीं पाते
अनिल हुड्डा ने कहा कि वह अभय चौटाला के कार्यक्रम से लौट रहे थे और उनके साथ 4 गाड़ियों में काफी लोग थे, जिन्हें बाहर छोड़कर वह एक फाइल लेने के लिए ऑफिस में गए थे। वह फोन पर बात कर रहे थे तो पीछे से चेहरे ढक कर आए युवकों ने हमला कर दिया। अगर आरोपी सामने से आते तो वह भाग नहीं पाते। अनिल हुड्डा ने कहा कि अचानक हमला हुआ था। अगर उसके सामने से हमला होता तो उनका हिसाब वहीं हो जाता। बाहर उसके साथ कार्यक्रम में गए लोग भी थे, जो उन्हें नहीं छोड़ते। सामने से आते तो वह भी आरोपियों को नहीं छोड़ता। लेकिन इसका बदला जरूर लिया जाएगा। फोन पर समझौते की कर रहा बात, पीछे से हमला करवाया
अनिल हुड्डा ने कहा कि मीटिंग के दौरान जो कुछ हुआ, उसके बाद पार्षद समझौता करने के लिए फोन कर रहा है। थाने में भी 4 पार्षदों को लेकर बैठा था और एसएचओ से फोन करके बुलवा रहा था, ताकि समझौता हो सके। लेकिन पीछे से हमला कर दिया। अब कोई समझौता नहीं, बल्कि हिसाब किया जाएगा। अनिल हुड्डा ने नहीं दी कोई शिकायत
आर्य नगर थाना SHO बिजेंद्र कुमार ने बताया कि वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा की तरफ से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। वहीं ADC नरेंद्र कुमार की तरफ से एक शिकायत दी गई है कि सरकारी भवन में अज्ञात युवकों ने घुसकर हमला किया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
रोहतक जिप वाइस-चेयरमैन की हमले पर खुली धमकी:अनिल हुड्डा बोले- बदला लूंगा, FIR नहीं कराऊंगा; 2 दिन में करेंगे पूरा हिसाब
