रोहतक के दिल्ली बाईपास पर हुए दिनेश उर्फ गोगा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सीआईए-1 (CIA-1) टीम ने देर रात एक मुठभेड़ के बाद वारदात के मुख्य सूत्रधार और बाबा गैंग के सरगना साहिल उर्फ सुक्खा को गिरफ्तार कर लिया है। शिमली-बालंद लिंक रोड पर हुई इस मुठभेड़ में गैंगस्टर के पैर में गोली लगी है, जबकि बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से एक पुलिस अधिकारी की जान बाल-बाल बची। पुलिस टीम पर किया सीधा फायर
सीआईए-1 टीम को गुप्त सूचना मिली कि साहिल उर्फ सुक्खा शिमली-बालंद लिंक रोड पर घूम रहा है। सीआईए टीम तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और वहां घूम रहे युवक को रूकने का इशारा किया। युवक ने पुलिस को देखकर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर कर दिया। SI सत्यवान की बची जान फायरिंग के दौरान सीआईए टीम में शामिल एसआई सत्यवान को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण सत्यवान की जान बच गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई ने फायरिंग की और बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने घायल आरोपी को काबू करते हुए इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया। मुठभेड़ में दोनों तरफ से हुए 7 राउंड फायर
पुलिस मुठभेड़ के दौरान बदमाश साहिल की तरफ से तीन राउंड फायर पुलिस के ऊपर किए गए। वहीं, जवाब कार्रवाई में पुलिस की तरफ से हवाई फायर करने के साथ 4 राउंड फायर किए गए। दोनों तरफ से कुल 7 राउंड फायर किए गए, जिसके बाद बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे काबू किया गया। दिनेश उर्फ गोगा को दिया था धोखा
गांव रिटोली के रहने वाले बाबा गैंग के मुख्य सरगना साहिल उर्फ सुक्खा ने अपनी ही गैंग के सदस्य दिनेश उर्फ गोगा को धोखा दिया था। साहिल उर्फ सुक्खा फायरिंग के दौरान दिनेश उर्फ गोगा के साथ था और उसकी मुखबरी हिमांशु भाऊ गैंग को दी थी, जिसके बाद दिनेश उर्फ गोगा को गोलियों से छलनी किया गया था। पुलिस मामले में जांच कर रही, घायल की खंगाल रहे आपराधिक रिकॉर्ड
ASP YVR शशि शेखर ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि फायरिंग मामले का आरोपी शिमली बालंद लिंक रोड पर घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायर किया, जिसके बाद आरोपी के पैर में गोली लगी। ASP वाईवीआर शशि शेखर ने बताया कि आरोपी ने एसआई सत्यवान पर भी फायर किया था, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के कारण एसआई की जान बच गई। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
रोहतक एनकाउंटर- ‘गद्दार’ गैंगस्टर सुक्खा को लगी गोली:अपने साथी की मुखबरी कर कराया मर्डर; बुलेट प्रूफ जैकेट से बची SI की जान
