गुरुग्राम जिले के एसटीएफ कार्यालय में आईजी सतीश बालन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हरियाणा में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) करनाल ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार विदेशी निर्मित पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। ये आरोपी बुलेटप्रूफ वाहन में घूम रहे थे। बुलेटप्रूफ वाहन में यात्रा कर रहे थे सतीश बालन ने बताया कि एसटीएफ करनाल ने सबसे पहले रमन और लोकेश (निवासी ग्राम मुंदड़ी, जिला कैथल) को करनाल क्षेत्र से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे एक बुलेटप्रूफ वाहन में यात्रा कर रहे थे। इसके बाद 14 जनवरी को इसी मामले में वांछित शेष आरोपी बलराज उर्फ बलराम और रविंदर सिंह उर्फ रवि को थाना पुंडरी, जिला कैथल के क्षेत्र से पकड़ा गया। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए कर चुके थे काम सतीश बालन ने कहा कि जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े नेटवर्क के लिए भी काम कर चुके हैं।एसटीएफ की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी अमेरिका में रहते हुए गंभीर संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। कई वारदातों में शामिल 23 दिसंबर 2024 को स्टॉकटन, कैलिफोर्निया में गैंगस्टर सुनील यादव उर्फ गोलिया की हत्या में इनकी भूमिका सामने आई है, जिसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर ली गई थी।इसके अलावा, 18 अक्टूबर 2025 को फ्रेज़नो, कैलिफोर्निया में कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर पर हुए जानलेवा हमले की साजिश में भी आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है। विदेश से चला रहे थे नेटवर्क इस हमले में बनवारी गोदारा की मौके पर ही मौत हो गई थी।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेश से बैठकर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में जबरन वसूली का रैकेट चला रहे थे। रंगदारी न देने पर वे फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंटरपोल और अमेरिका की संबंधित एजेंसियों को औपचारिक सूचना देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय किया जाएगा।
रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के 4 शूटर गिरफ्तार:करनाल एसटीएफ की कार्रवाई, 4 पिस्टल और कारतूस बरामद, कई वारदातों में शामिल
