रिटायर्ड लेखपाल के घर में बेटे-बहू को बंधक बनाकर डकैती:सीतापुर में एक घंटे तक आलमारी-बक्से तोड़ते रहे, 50 लाख के गहने-कैश लूटे

Spread the love

यूपी के सीतापुर में बदमाशों ने रिटायर्ड लेखपाल के घर पर बेटे-बहू को बंधक बनाकर 50 लाख के गहने और नकदी लूट लिए। 6 बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे। असलहे के दम पर परिवार के 6 लोगों को बंधक बना लिया। सभी के मोबाइल फोन छीन लिए। महिलाओं और पुरुषों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। इसके बाद एक घंटे तक पूरे घर को खंगालते रहे। बदमाशों ने घर के सभी बक्से और आलमारियों को तोड़-तोड़कर 45 लाख के गहनों के साथ 5 लाख नकद लूट लिए। लूट के बाद बदमाशों ने परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार किसी तरह बाहर आया। पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ कर सबूत जुटाए। मामला तालगांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का है। अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए… खेत के बीच बने मकान में लूट
रसूलपुर गांव के रहने वाले अमर सिंह वर्मा राजस्व विभाग में लेखपाल थे। 5 साल पहले रिटायर हो गए थे। उनके पास गांव में 45 बीघा जमीन है। बस्ती से कुछ दूर खेत के बीच में ही उन्होंने घर बनवा रखा है। चारों तरफ खेत ही खेत हैं। रिटायरमेंट के बाद अमर सीतापुर में बने घर में शिफ्ट हो गए। दो बेटे पुष्कर और अमर अपने-अपने परिवार के साथ गांव में ही रुक गए। दोनों धान की खरीदने-बेचने का काम करते हैं। छत से घुसे 6 बदमाश, असलहे के बल पर बंधक बनाया
पुष्कर ने बताया कि शनिवार को घर के सभी लोग खाना पीना खाकर सो रहे थे। तड़के करीब 3 बजे 6 बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए। इसके बाद एक-एक करके सभी के कमरे में गए और रजाई हटाकर असलहे के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया। 45 लाख के गहने और 5 लाख कैश ले गए
बदमाशों ने घर के पुरुषों को एक कमरे में बंद कर दिया और महिलाओं-बच्चों को दूसरे कमरे में बंद कर दिया। सभी के फोन ले लिए और उन्हें बाहर रख दिया। ताकि कोई पुलिस या आसपास के लोगों से संपर्क न कर सके। इसके बाद अलमारी तोड़कर उसमें रखे मेरी पत्नी के गहने और छोटे भाई की पत्नी के गहने, जिनकी कीमत करीब 45 लाख हैं, लूट लिए। अलमारी में रखे 5 लाख रुपए कैश भी ले गए। पुलिस-फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे
सूचना मिलते ही तालगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की जांच की जा रही है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया- रसूलपुर गांव में पीड़ित के घर 5 से 6 बदमाश घुसे और असलहे के बल पर लूटपाट की। इस वारदात में करीब 4 से 5 लाख रुपए नकद और ज्वैलरी लूटी गई है। पुलिस टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। ग्रामीणों में दहशत, बढ़ी गश्त की मांग
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, वारदात के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ——————— ये खबर भी पढ़ेंः- प्रिंसिपल बोले- दुष्कर्म छुपकर होते हैं, मैं खुलकर करता हूं:संभल में कहा- बहुत फ्रैंक आदमी हूं, चंदौसी छोटी मानसिकता ‘लोग रेप छुपकर करते हैं। मैं खुलकर करता हूं। मैं बहुत फ्रैंक आदमी हूं। चंदौसी छोटी मानसिकता का शहर है।’ यह आपत्तिजनक बयान संभल में एसएम डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दानवीर सिंह यादव ने दिया। कुछ छात्र छात्रसंघ का चुनाव कराने की मांग को लेकर उनके पास पहुंचे थे, तभी प्राचार्य ने यह विवादित बयान दिया। पढ़ें पूरी खबर…