पलवल में दिनदहाड़े गनपॉइंट पर लूटपाट:यूपी के कैंटर चालक से मोबाइल, नकदी छीनी, फोन-पे से अपने खाते में ट्रांसफर कराया कैश

Spread the love

पलवल जिले के चांदहट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है। पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर एक कैंटर चालक से तमंचा दिखाकर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया गया। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना केजीपी एक्सप्रेस-वे पर अमरपुर फ्लाईओवर के पास दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी हरेंद्र, जो पेशे से ड्राइवर हैं, अपनी आयशर कैंटर गाड़ी से नोएडा से बिलासपुर (गुरुग्राम) जा रहा था। शौच के लिए रुकने के बाद जब वह वापस लौट रहा तो, तभी दो अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। देसी तमंचा दिखाकर धमकाया आरोपियों ने हरेंद्र को देसी तमंचा दिखाकर धमकाया और मोबाइल फोन, पांच हजार रुपए लूट लिए। इसके अतिरिक्त, लुटेरों ने हरेंद्र के फोन-पे खाते से 3200 रुपए भी अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। घटना के बाद पीड़ित हरेन्द्र ने चांदहट थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। चांदहट थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद के अनुसार, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की टीम आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।