डेढ़ लाख लेकर शादी करने वाली लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार:हिसार में सगाई, बिना फेरे लिए सिरसा में मंगेतर संग रही, 5 दिन बाद ही भागी

Spread the love

हरियाणा के सिरसा में डेढ़ लाख लेकर शादी करने का झांसा देने वाली लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसकी 2 सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली फुल्लन देवी उर्फ शिवानी शर्मा और हिसार की रहने वाली सरोज के रूप में हुई है। तीसरी युवती की पुलिस ने पहचान उजागर नहीं की। शिवानी रुपए लेने के बाद शादी किए बिना ही सिरसा के युवक के साथ रहने लगी थी। इसके 5 दिन बाद ही वह घर से फरार हो गई। सरोज इस गिरोह की सरगना है। पुलिस ने तीनों आरोपियों से 30 हजार रुपए कैश और सोने के कुछ गहने भी बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे और गहने ऐंठने का काम करता था। गिरोह हिसार से चल रहा था। वहीं पर लड़की पसंद, सगाई कराने और शादी कराने के नाम पर डील होती थी। पहले जानिए पीड़ित ने पुलिस को क्या बताया… साथी ड्राइवर के लड़की के बारे में बताया जनवरी 2026 में सिरसा के पंजुआना गांव निवासी एक युवक ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह बिजली निगम में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है। सितंबर 2025 में उसके एक साथी ड्राइवर ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया। उसने बताया कि उसकी पहचान के कुछ ऐसे लोग से हैं, जो पैसे लेकर शादी करवाते हैं। डेढ़ लाख लेकर हिसार में सगाई करवाई युवक ने बताया कि साथी ने उसे दो युवकों से मिलवाया। उन्होंने शादी करवाने के बदले डेढ़ लाख रुपए की मांग की। उन्होंने लड़की तथा उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया। उन सभी ने उसे एक दिन हिसार बुलाया। हिसार के पड़ाव चौक स्थित एक मकान में शिवानी शर्मा नाम की युवती से मिलवाया। वहां पर बात तय होने के बाद उसकी सगाई करवा दी। उन्होंने डेढ़ लाख कैश और सोने के गहने भी दिए। बिना शादी के घर आकर रहने लगी युवक ने कहा कि कुछ समय बाद भी जब शादी नहीं हुई तो आरोपियों ने बहाने बनाने शुरू कर दिए। दबाव डालने पर बताया कि शिवानी के माता-पिता की मौत हो गई है। इस कारण शादी टाल दी है। जब उसे ठगी का शक हुआ और उसने शिकायत करने की बात कही। आरोपियों ने बिना शादी के ही शिवानी को उसके घर भेज दिया। शिवानी उनके साथ ही रहने लगी। 8 अक्टूबर को कैश-गहने लेकर भागी उसने आगे बताया कि 3 अक्टूबर 2025 से शिवानी उनके घर आकर रहने लग गई थी। 8 अक्टूबर को शिवानी ने कहा कि उसे अपनी सहेली से मिलने के लिए जाना है। इसके बाद वह नहीं लौटी। घर से वह कैश और कुछ गहने भी अपने साथ ले गई। उन्हें पता चला कि वह एक महिला के साथ फरार हुई है।
थाना प्रभारी बोले- खुलासे होने की संभावना शहर थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था। इस मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार महिलाओं को आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच में धोखाधड़ी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।