कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में पटियाला रोड पर हरियाणा रोडवेज की बस बोधनी गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास फंस गई। बस सड़क किनारे और खदान के बीच फंसने के बाद आगे नहीं बढ़ पाई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि पुलिया के पास ही गड्ढे में बड़े-बड़े सरिए खड़े थे। इस बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। रोडवेज की यह बस कुरुक्षेत्र के पिहोवा सब डिपो की थी, जो पंजाब के पटियाला से पिहोवा के बस स्टैंड के लिए चली थी। बस फंसने के बाद सवारियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर भेजा गया। बाद में बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। 7 महीने से चल रहा पुलिया का काम कंडक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि ड्राइवर ने बस को धीमी स्पीड में कंट्रोल करने की कोशिश की, लेकिन आगे का टायर नरम मिट्टी में धंस गया। सड़क काफी तंग है और पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। आसपास कुछ ताजी मिट्टी डाली गई थी, जिसकी वजह से टायर नीचे चला गया। करीब 7 महीने से सड़क पर पुलिया बनाने का काम चल रहा है। नहीं किया ओवरटेक कंडक्टर ने बताया कि रास्ता काफी तंग है। ये बात गलत है कि ड्राइवर से ओवरटेक करते हुए यहां बस फंस गई। यहां से ओवरटेक करना मुश्किल है। ड्राइवर ठीक-ठाक स्पीड से बस चला रहा था और उसने किसी व्हीकल को ओवरटे नहीं किया। ब्रेक या स्टेयरिंग फेल होने चांस रविंद्र ने बताया कि बस के ब्रेक या स्टेयरिंग फेल होने की आशंका है। हालांकि बस की जांच करने के बाद असली वजह सामने आएगी। गनीमत रही इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई। इसमें ड्राइवर की कोई गलती नहीं है। बस फंसने का दूसरा बड़ा कारण सड़क खराब होना है।
कुरुक्षेत्र में 30 सवारियों वाली रोडवेज बस पलटने से बची:पटियाला से पिहोवा आ रही थी; निर्माणाधीन पुलिया में फंसी, स्टेयरिंग फेल का शक
