हरियाणा के जींद में हरियाणा रोडवेज की एक बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जो चोटिल हुए। वहीं ड्राइवर समेत 5-6 यात्रियों की हालत गंभीर है। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर वीडियो कॉल पर बात कर रह था, जिसके चलते ये हादसा हुआ है। बस उचाना से जयपुर जा रही थी, तभी ड्राइवर मोबाइल से वीडियो कॉल पर लगा रहा। इस बीच जींद के पास उचाना में ड्राइवर का ध्यान न होने के चलते बस डिवाइडर से टकराने के बाद लाइन बदलकर सड़क किनारे खड़े लोडिंग गाड़ी में जा घुसी। लोडिंग गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, बस सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। बता दें कि ये बस किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही थी। ड्राइवर प्राइवेट था और कंडक्टर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगा था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्तपाल में पहुंचाया। उचाना से जयपुर जा रही थी बस जानकारी के अनुसार, HR-56GV-6198 नंबर की यह बस उचाना से जयपुर जा रही थी। तभी जींद की तरफ जाते हुए बड़ौदा गांव के पास पहुंचते ही बस पहले डिवाइडर से टकराई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस सड़क किनारे खड़ी एक लोडिंग गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस सड़क से उतरकर करीब 20 मीटर अंदर तक चली गई। ये हैं घायलों के नाम महिला यात्री बोली- वीडियो कॉल पर लगा था ड्राइवर बस में मौजूद एक महिला यात्री प्रवीण डूमरखा ने बताया कि बस बहुत तेज गति से चल रही थी और ड्राइवर (संदीप) का ध्यान फोन पर चल रही वीडियो कॉल पर था। उन्होंने बताया कि लोडिंग गाड़ी का ड्राइवर शौच के लिए गाड़ी साइड में खड़ी करके गया हुआ था। ड्राइवर का अचानक ध्यान भटकने और संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। शौच करने रुका था लोडिंग गाड़ी का ड्राइवर लोडिंग गाड़ी ड्राइवर पंकज ने बताया कि वह उचाना का रहने वाला है । वह गाड़ी का काम करवाने के लिए जींद जा रहा था। रास्ते में शौच के लिए रुका था। अचानक से पीछे से आई तेज स्पीड बस ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। वह गाड़ी से नीचे था इसलिए बच गया। कई सवारियों को बहुत ज्यादा चोट आई हैं और कई सवारी की हल्की चोटें हैं। 50 से ज्यादा सवारियां बस में मौजूद थी। बस गाड़ी में टकराते ही उन्होंने देखा तो पहले 112 परफोन किया इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई । ड्राइवर समेत 6 लोगों को गंभीर चोटें एसएचओ ट्रैफिक पुलिस शमशेर सिंह ने बताया कि जैसे ही पुलिस को हादसे की जानकारी हुई तो 10 मिनट के अंदर ही स्थिति को संभाल लिया गया। 10 से 15 मिनट के अंदर ही सभी घायलों को उपचार के लिए उचाना और जींद के अस्पताल में पहुंचाया गया। बस ओवर स्पीड में चल रही थी। डिवाइडर में टकराने के कारण बस ने अपनी लाइन बदली और साइड में खड़े लोडिंग गाड़ी में जा टकराई। हादसे में ड्राइवर समेत 5 से 6 लोगों को ज्यादा गंभीर चोटें लगी हैं। डॉक्टर बोले- 5 मरीजों को फ्रैक्चर हुआ उचाना चिकित्सा अधिकारी सुशील गर्ग ने बताया कि आज हमारे यहां सुबह 10:00 बजे मरीज आने शुरू हुए थे। पता चला कि एक्सीडेंट यहां बड़ौदा के पास सरकारी बस का हुआ है। 24 मरीज उचाना के अस्पताल में पहुंचे हैं, जिसमें से कई लोगों की हालत गंभीर थी, जिन्हें यहां से जींद रेफर किया गया। 18 मरीज को हल्की चोटें हैं, जिनको यहां प्राथमिक उपचार दिया गया। बस ड्राइवर को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। 5 मरीजों को फ्रैक्चर हुआ है।
हरियाणा में रोडवेज बस पलटी, VIDEO कॉल पर था ड्राइवर:डिवाइडर से टकराकर लोडिंग गाड़ी में घुसी, 50 यात्री घायल; जयपुर जा रही थी
