कोटा, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर और जयपुर संभाग 3 दिन भारी बारिश संभव
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र तीव्र होकर वेल मार्क लो प्रेशर बन गया है। इसके आगामी 24 घंटों में उड़ीसा, मध्यप्रदेश की ओर आगे बढऩे की संभावना है। इसके असर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। आगामी 3-4 दिन पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भागों के कोटा, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 5 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व जोधपुर संभाग में 5 से 7 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को राज्य के करौली, अलवर, झालावाड़, भरतपुर, सवाई माधोपुर व कोटा जिलों में भारी बारिश तथा राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश टोडाभीम (करौली) में 105 मिमी दर्ज की गई।
तूंगा में 102, आमेर में 60 और जेएलएन मार्ग पर 50 मिमी बारिश
जयपुर में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। इससे पूरा शहर अस्त व्यस्त हो गया। शहर की सड़के नदियां बन गई और निचली बस्तियों के साथ अस्पताल, दुकान, मकान और मंदिरों में पानी घुस गया। जयपुर में सबसे ज्यादा बारिश तूंगा में 102 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा आमेर में 60, जेएलएन मार्ग पर 50, कोटखावदा में 51, जमवारामगढ़ में 49, सांगानेर में 37, बस्सी में 32 और कलेक्ट्रेट पर 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बीसलपुर में लगातार बढ़ रही पानी की आवक, 6 गेट खोले
बीसलपुर बांध में लगातार पानी की आवक में इजाफा हो रहा है। बुधवार को बीसलपुर बांध के 6 गेट खोल दिए गए। बीसलपुर बांध के 6 गेट खोलकर 30050 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। वर्तमान में 9,10,11 और 12 नम्बर गेट एक मीटर तो वहीं 8 एवं 13 नंबर गेट 0.50 मीटर खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
