उपायुक्त ने बताया कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में मलबा इत्यादि हटाने का कार्य भी तीव्र गति से किया जा रहा है। आज शनिवार को लोक निर्माण विभाग के माध्यम से थुनाग बाजार में मलबा हटाने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त लंबाथाच डिग्री कॉलेज में आए भारी मलबे को हटाने का कार्य भी किया जा रहा है। सराज क्षेत्र में खड्डों का निकर्षण (ड्रेजिंग) कार्य भी जारी है। लोक निर्माण विभाग के सहयोग से आज ब्योंड खड्ड में ड्रेजिंग की गई। इसके अतिरिक्त थुनाग के बनी नाला में भी बहाली कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली की बहाली के लिए भी निरंतर कार्य जारी है। आपदा में बह चुके व क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की मरम्मत इत्यादि का कार्य विद्युत बोर्ड के माध्यम से किया जा रहा है। थुनाग के देजी में 25 केवीए बरकवाली का कार्य भी आरंभ कर दिया गया है। शनिवार को कांढा तथा बेकर क्षेत्र में विषम परिस्थितियों में विद्युत कर्मी बहाली कार्य में जुटे रहे। इसके अतिरिक्त थुनाग बाजार में बिजली के ट्रांसफार्मर की बहाली का कार्य भी आज किया गया। यहां आपदा के बाद ट्रांसफार्मर बह गया था और अभी तक किसी दूसरे ट्रांसफार्मर से बिजली की आपूर्ति की जा रही थी। जंजैहली क्षेत्र भलवाड़ में भी बहाली कार्य जारी रहा।
