पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में राजद नेता जयशंकर ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हत्या पैसे के विवाद को लेकर की गई थी। वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस को 22 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि उताकी गांव के खेत में एक कुएं के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने 55 वर्षीय जयशंकर ठाकुर के शव की पहचान की। शव के एक हिस्से की चमड़ी छिल गई थी। शव का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नहीं हुआ था, जहां से उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया था। मृतक की पत्नी अन्नपूर्णा देवी (45) के आवेदन के आधार पर पाटन थाना में छह नामजद और अन्य अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अनुसंधान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने उताकी गांव निवासी बिनोद सिंह, संतोष सिंह (बिनोद सिंह का बेटा) और बिधित सिंह को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने जयशंकर ठाकुर की हत्या कर शव को कुएं के पास फेंकने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा बिनोद सिंह के घर के पास के खेत से बरामद किया गया है। आरोपी सूद पर पैसा देते हैं। जय शंकर ठाकुर ने इनसे 2 लाख 40 हजार रुपए लिए थे। 40 हजार रुपए लौटा दिए थे मगर दो लाख नहीं दे रहा था। इसी को लेकर घटना वाले दिन विवाद हुआ और उसे तीनों ने मिलकर मार डाला।
पलामू में राजद नेता जयशंकर ठाकुर हत्या मामला:पैसे के विवाद में हुआ था मर्डर, पिता-पुत्र समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
