करनाल शहर के ढांड रोड पर एक तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक राइडर की मौत हो गई। मृतक फौज से रिटायर्ड था और वर्तमान में एसडीएम कार्यालय नीलोखेड़ी में सेवादार के पद पर कार्यरत था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पीछे से गाड़ी ने मारी टक्कर मृतक की पहचान 46 वर्षीय सांभी गांव के लखविंद्र सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार लखविंद्र सिंह आज सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर करनाल आ रहा था। इसी दौरान ढांड रोड पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। 15 फुट उछलकर सड़क पर गिरा टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लखविंद्र सिंह करीब 10 से 15 फुट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ड्राइवर फरार, तलाश में जुटी पुलिस हादसे के बाद क्रूजर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा। परिजनों के अनुसार लखविंद्र सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में गहरा शोक है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
करनाल में बाइक सवार रिटायर्ड फौजी की मौत:क्रूजर ने मारी टक्कर, 15 फुट हवा में उछलकर सड़क पर गिरा
