चरखी दादरी में रिटायर्ड फौजी ने गोली मारकर की आत्महत्या:अभी सिंचाई विभाग में गिरदावर थे; पत्नी मायके गई थी, बेटा पास में सो रहा था

Spread the love

चरखी दादरी के हरि नगर क्षेत्र में बीती रात सिंचाई विभाग के एक गिरदावर ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान झज्जर जिले के खाचरौली गांव निवासी 41 वर्षीय रविंद्र कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविंद्र कुमार भारतीय सेना में सिपाही थे और करीब सात साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने हरियाणा सिंचाई विभाग में गिरदावर के पद पर कार्यभार संभाला था। वर्तमान में उनकी तैनाती दादरी क्षेत्र में थी और वे हरि नगर में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रहते थे। घटना के समय रविंद्र का बेटा भी उसी कमरे में सो रहा था। देर रात गोली चलने की आवाज सुनकर बेटे की नींद खुली। उसने अपने पिता को लहूलुहान अवस्था में देखा और परिजनों को जगाया। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन रविंद्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर हथियार को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिससे गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।