जबलपुर में रिटायर्ड महिला डॉक्टर को जबरिया ले गए लोग:IMA का आरोप- बहन करोड़ों की संपत्ति हड़पना चाहती हैं; पति-बेटे की मौत हो चुकी

Spread the love

जबलपुर जिला अस्पताल में पदस्थ रह चुकी वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमलता श्रीवास्तव को कुछ अज्ञात लोग जबरन अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। मामला सामने आते ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने गंभीर चिंता जताते हुए कलेक्टर और एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर मदन महल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आईएमए के अनुसार रिटायर्ड डॉक्टर हेमलता श्रीवास्तव (72) शहर के पॉश इलाके राइट टाउन में अकेली रहती हैं। उनके पास करीब 20 हजार स्क्वॉयर फीट से अधिक जमीन और बंगला है, जिस पर कुछ लोगों की नजर होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर हेमलता की मानसिक और शारीरिक स्थिति भी ठीक नहीं है। सफेद कार में ले जाने का वीडियो सामने आया
सोमवार शाम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग व्हाइट कार (एमपी 20 जेडएक्स 9..43) में डॉ. हेमलता को लेने पहुंचे। कार का एक नंबर आंशिक रूप से मिटा हुआ है। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले डॉक्टर अभिजीत मुखर्जी ने विरोध किया। उन्होंने पूछा- डॉ. हेमलता को कहां ले जा रहे, तो कार सवार लोगों ने कहा कि मंदिर में कुछ लोग रास्ता देख रहे हैं।विरोध के बावजूद उन्हें यह कहते हुए साथ ले जाया गया कि भी बात करनी है, गायत्री मंदिर आकर कर सकते हैं। पति-बेटे की मौत के बाद अकेली रह रहीं डॉक्टर
डॉ. हेमलता श्रीवास्तव जबलपुर जिला अस्पताल में लंबे समय तक सेवाएं दे चुकी हैं। मरीजों के बीच सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए जानी जाती हैं। एक महीने पहले उनके पति महेश श्रीवास्तव का निधन हो गया था, जबकि चार साल पहले बेटे डॉ. रचित श्रीवास्तव की भी मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद से वे घर पर अकेली रह रही हैं। आईएमए बोला- संपत्ति हड़पने की नीयत से ले गए​​​​
आईएमए की अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि कुछ मंदिर से जुड़े लोग डॉ. हेमलता की संपत्ति हड़पने की नीयत से उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले गए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 22 जनवरी 2026 को उनकी शारीरिक और मानसिक अक्षमता की हालत में धोखाधड़ी कर एक रिजस्टर्ड वसीयत के जरिए उनकी संपत्ति गायत्री मंदिर के नाम कराई गई। आईएमए का कहना है कि डॉ. हेमलता की हालत गंभीर है। उन्हें तत्काल आईसीसीयू में भर्ती कर इलाज की जरूरत है, लेकिन जानबूझकर उन्हें अस्पताल ले जाने की बजाय मंदिर ले जाया गया, ताकि इलाज के अभाव में उनकी मृत्यु हो जाए और संपत्ति पर कब्जा किया जा सके। आईएमए अध्यक्ष का आरोप- साजिश में बहन शामिल
आईएमए अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि इस साजिश में डॉ. हेमलता की बहन शामिल हैं। वे खुद भी खुद स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। उनकी भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि पुलिस को एक बुजुर्ग महिला डॉक्टर को सफेद कार में ले जाने की शिकायत मिली है। आईएमए की ओर से भी लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि डॉ. हेमलता इस समय कहां हैं, उनकी हालत कैसी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।