यमुनानगर जिले में सरपंच की पत्नी बलजिंद्र कौर की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी इकलौते बेटे गोमित राठी और उसके दोस्त पंकज का चार दिन का पुलिस रिमांड पूरा हो चुका है। रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस हत्याकांड में चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया में जुट गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चार दिन की पूछताछ के दौरान आरोपी गोमित के व्यवहार में किसी तरह का पछतावा नजर नहीं आया। मां की निर्मम हत्या को लेकर उसके चेहरे पर कोई अफसोस या भावनात्मक प्रतिक्रिया नहीं दिखी, जिससे जांच अधिकारियों भी हैरान रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी पूरी तरह से ठंडे दिमाग से वारदात को अंजाम देने और बाद में खुद को बचाने की साजिश रचता रहा। साक्ष्यों के आधार पर मजबूत केस तैयार रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी गोमित और उसके दोस्त पंकज से कई अहम सबूत भी बरामद किए हैं। इनमें वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार, डिजिटल सबूत, कॉल डिटेल और आपसी संपर्क से जुड़े तथ्य शामिल हैं, जो इस पूरे हत्याकांड की कडिय़ों को जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद साक्ष्य आरोपियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार करने में मदद करेंगे। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद गोमित देश से बाहर भागने की तैयारी में था और अपने दोस्त पंकज की मदद से अलग-अलग ठिकानों पर छिपता रहा। पंकज ने न सिर्फ उसे पनाह दी, बल्कि सबूत छिपाने और फरारी में भी सहयोग किया। पुलिस दोनों के रोल की गहराई से जांच कर रही है। चार्जशीट तैयार करने में जुटी पुलिस पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब जांच का अगला चरण चार्जशीट तैयार करने का है। इसमें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, मोबाइल लोकेशन, गवाहों के बयान और रिमांड के दौरान बरामद सभी साक्ष्यों को शामिल किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अदालत में चार्जशीट पेश कर मामले में सख्त सजा सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी। इंगलैंड से चुपचाप लौटकर की मां की हत्या यमुनानगर के सढौरा क्षेत्र के श्यामपुर गांव में 24 दिसंबर को सरपंच जगबीर सिंह की पत्नी बलजिंद्र कौर (45) की लाश पशु-बाड़े में संदिग्ध हालत में मिली। जांच में खुलासा हुआ कि हत्या महिला के ही बेटे ने की। वह अपनी गर्लफ्रेंड से इंटरकास्ट शादी करना चाहता था, लेकिन मां इसके खिलाफ थी। इसी रंजिश और पैसों की तंगी के चलते उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी 18 दिसंबर को चुपचाप इंगलैंड से भारत आया, करनाल में पीजी लेकर छिपा रहा और 24 दिसंबर की शाम चुपचाप गांव आया और अंधेरे में पशु-बाड़े में छिपकर मां पर कुल्हाड़ी से हमला किया, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। शव को हादसा दिखाने के लिए पानी के हौद में डाल दिया। इसके बाद वह वापस करनाल जाकर छिप गया और खुद को विदेश में बताता रहा। हत्या के बाद दुखी बेटे का नाटक मां की मौत के बाद वह दुखी बेटे का नाटक करता रहा, अंतिम संस्कार में शामिल हुआ, मुखाग्नि दी और पुलिस जांच से बचने के लिए जल्द इंग्लैंड भागने की कोशिश की। गांव के ही दोस्त पंकज ने उसे छिपाने और भगाने में मदद की। मोबाइल लोकेशन, ट्रैवल हिस्ट्री और पारिवारिक विवाद सामने आने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। रिमांड में हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और कपड़े भी बरामद हुए।
यमुनानगर में आरोपी बेटे और दोस्त का रिमांड खत्म:सरपंच पत्नी हत्याकांड, चेहरे पर नहीं दिखा पछतावा; जेल भेजे
