रोहतक जिले के गांव चिड़ी के व्यक्ति की गांव बहुअकबरपुर के युवकों ने लाठी डंडों से हमला कर हत्या कर दी। मामले में मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया है। साथ ही रोड जाम करने की चेतावनी भी दी है। वहीं पुलिस मामले में आरोपियों को काबू करने के लिए दबिश दे रही है। मृतक की पहचान गांव चिड़ी के करीब 48 वर्षीय कृष्ण के रूप में हुई। कृष्ण 12 मार्च को अपने खेत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान गांव बहुअकबरपुर के 4 आरोपी गाड़ी में आए और कृष्ण के ऊपर सीधे फायर कर दिया। फायरिंग में कृष्ण बच गया तो आरोपियों ने लाठी डंडों से हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने कृष्ण को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। कृष्ण को घायल अवस्था में परिजन पहले सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से कृष्ण को पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान कृष्ण ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने मामले में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और शव लेने से इनकार कर दिया। आरोपी को बताया कुख्यात बदमाश का भाई मृतक के भतीजे सुनील ने बताया कि गांव बहुअकबरपुर निवासी आरोपी मंजीत ने अपने आप को कुख्यात बदमाश संजीत बिद्रो का भाई बताते हुए फायरिंग की थी। साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। मंजीत ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। परिवार को मिल रही धमकियां, महिलाएं घबराई सुनील ने बताया कि आरोपियों की तरफ से लगातार परिवार को धमकियां मिल रही है, जिसके कारण परिवार के लोग घबराए हुए है। महिलाएं भी घर में अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही। जब से कृष्ण ने जमीन खरीदी थी, तब से आरोपियों की तरफ से परेशान किया जा रहा है। रामचंद्र से खरीदी थी जमीन सुनील ने बताया कि चाचा कृष्ण ने गांव बहुअकबरपुर के रामचंद्र से जमीन खरीदी थी और आरोपी भी रामचंद्र के परिवार में ही है। आरोपी उनसे जमीन को छोड़ देने के लिए दबाव बना रहे थे। कई बार धमकी दे चुके थे। कृष्ण ने कहा था कि जितने में खरीदी है, उतने रुपए दे दो और जमीन ले लो, लेकिन आरोपी बिना पैसे दिए जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया कृष्ण खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का गुजारा करता था। कृष्ण के तीन बच्चे है, जिनमें दो बेटियां व एक बेटा है। तीनों बच्चे पढ़ाई कर रहे है। अब तीनों बच्चों के सिर से पिता से साया उठ गया। कृष्ण घर में अकेला कमाने वाला था और कृष्ण की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इन लोगों पर लगाया हत्या करने का आरोप पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक कृष्ण के परिजनों ने 4 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। इनमें गांव बहुअकबरपुर निवासी मंजीत पुत्र जयपाल, मोहित, अन्नू व चंदू शामिल है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस की तरफ से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण परिजनों में रोष देखने को मिल रहा है। चांदी टोल पर रोड जाम कर देंगे धरना सुनील ने बताया कि अगर पुलिस प्रशासन ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो वह शव नहीं लेंगे और चांदी टोल पर रोड जाम करते हुए धरना देंगे। 12 मार्च को घटना हुई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी खुले घूमते हुए धमकी दे रहे हैं। पुलिस आरोपियों को तुरंत काबू करे। पुलिस आरोपियों की तलाश में दे रही दबिश लाखनमाजरा थाना के जांच अधिकारी कश्मीर सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति के साथ मारपीट होने की शिकायत मिली थी, जिसमें घायल की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। अब उसकी मौत हो गई है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या की धारा जोड़ी जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।
रोहतक में परिजनों का शव लेने से इनकार:व्यक्ति की हत्या का मामला; बोले- आरोपी नहीं पकड़े तो होगा रोड जाम
