फरीदाबाद में अवैध RMC प्लांट पर रेड:सीएम फ्लाइंग टीम ने की कार्रवाई, बिना अनुमति चलता मिला, संचालक को नोटिस

Spread the love

फरीदाबाद में अवैध रूप से संचालित हो रहे एक आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांट का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर सीएम फ्लाइंग टीम फरीदाबाद को सूचना प्राप्त हुई कि फरीदाबाद के नहर पार क्षेत्र में कैपिटल कंस्ट्रैक्शन नाम से बिना किसी वैध अनुमति के आरएमसी प्लांट चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग टीम फरीदाबाद की टीम ने तत्परता दिखाते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड फरीदाबाद के एईई जतिन बरवाल को साथ लेकर मास्टर रोड, सेक्टर-89 स्थित गांव भूपानी की राजस्व संपदा में चल रहे उक्त प्लांट पर औचक निरीक्षण किया। टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान साइट पर मौजूद ऑपरेटर मनीष ने बताया कि प्लांट का संचालन सोनू गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। टीम ने प्लांट संचालन से संबंधित वैध अनुमति, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की स्वीकृति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। संचालक नहीं दिखा सका कोई दस्तावेज प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रिकॉर्ड की जांच में भी यह स्पष्ट हुआ कि प्लांट संचालक द्वारा संचालन के लिए कोई वैध अनुमति या अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लिया गया है। इसके बावजूद साइट पर सीमेंट, क्रेशर सामग्री सहित अन्य निर्माण सामग्री का पर्याप्त स्टॉक मौजूद मिला और प्रतिदिन की गतिविधियों का इंद्राज भी किया जा रहा था, जिससे यह साफ हुआ कि प्लांट नियमित रूप से संचालित हो रहा था। एईई जतिन बरवाल ने बताया कि बिना अनुमति आरएमसी प्लांट चलाना नियमों का उल्लंघन है। संचालक को नोटिस जारी कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित इकाइयों में हड़कंप की स्थिति है।