हरियाणा में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान लगातार शून्य की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में घना से अत्यंत घना कोहरा, कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड की चेतावनी जारी की है। सोनीपत समेत जीटी रोड के जिलों के साथ प्रदेश के अन्य इलाकों में भी घना कोहरा छाया है। दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम हरियाणा के कुछ हिस्सों में हालात ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। यहां पाला जमने की भी संभावनाएं हैं। सोमवार को गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ जिलों में रात्रि तापमान गिरने के कारण पाला जम गया। गुरुग्राम में पारा 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम में सर्दी ने पिछले 60 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले 5 दिसंबर 1966 को यहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 16 जनवरी 2023 को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस, 17 जनवरी को 2.4 डिग्री सेल्सियस और 12 जनवरी 2024 को न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हरियाणा के अलग-अलग शहरों में आज कैसा रहेगा मौसम…
5 जिलों में रेड अलर्ट रहेगा : मौसम विभाग के अनुसार भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ (नारनौल) और मेवात (नूंह) में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने, अत्यंत घना कोहरा छाने और पाला गिरने की आशंका जताई गई है। यहां ऑरेंज व यलो अलर्ट : हिसार, जींद, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में ऑरेंज अलर्ट है, जहां घना से बहुत घना कोहरा और शीतलहर का असर रहेगा। वहीं अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और यमुनानगर में यलो अलर्ट के तहत ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। कोहरे के कारण परिवहन सेवा पर असर पड़ेगा
घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। सुबह और रात के समय दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने की आशंका है। पाला जमने के कारण किसानों की फसलों पर पाले से नुकसान का खतरा बढ़ गया है, जबकि बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम एक्सपर्ट बोले- 19 के बाद बारिश होगी वहीं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 16 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पश्चिम शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण व पश्चिमी हरियाणा के जिलों में कहीं कहीं पाला पड़ने की भी संभावना है। इस दौरान राज्य में ज्यादातर स्थानों पर अलसुबह व देर रात्रि को हल्की से मध्यम धुंध आने की संभावना है। परंतु लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी व 19 जनवरी रात्रि को आने की संभावना से मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना है। इससे 17 व 18 जनवरी को आंशिक बादलवाई व एक दो स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है परंतु 19 जनवरी के बाद राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है।
हरियाणा में आज ठंड का रेड अलर्ट, कोहरा छाया:गुरुग्राम में 60 साल का रिकॉर्ड टूटा; 5 जिलों में सीवियर कोल्ड डे रहेगा
