पानीपत में एक व्यापारी को विदेशी नंबर से धमकी भरी व्हाट्सएप कॉल की गई है। कॉल करने वाले ने खुद को बंबीहा गैंग का सदस्य बताते हुए उससे 2.5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। व्यापारी ने डर के चलते कॉल काट दी और बाद में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यापारी के पास पूरा दिन कॉल तो कभी ऑडियो मैसेज आते रहे। उसका परिवार पूरा दिन दहशत में रहा। पानीपत के सेक्टर-12 हुडा में रहने वाले यशपाल गर्ग ने थाना चांदनी बाग में दी शिकायत मे बताया कि 18 दिसंबर की सुबह करीब 11:08 बजे उनके पास एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम संदीप राणा बताया और कहा कि वह बंबीहा गैंग से है। उसने उससे 2.5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। कॉल काटने के बाद आईं कई कॉल और डिलीट हुआ ऑडियो मैसेज
यशपाल गर्ग ने बताया कि डर के कारण उन्होंने तुरंत कॉल काट दी, लेकिन उसके बाद उस नंबर से 5-6 बार और कॉल आईं। उन्होंने नंबर को ब्लैकलिस्ट में डाल दिया। इसके बाद एक अन्य नंबर से व्हाट्सएप पर ऑडियो मैसेज आया, लेकिन जब तक वे उसे सुन पाते, वह संदेश डिलीट कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस घटना के बाद उनके घर में भय का माहौल है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, साइबर सेल जुटी जांच में
चांदनी बाग थाना पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद छानबीन की और रात को धारा 308(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस साइबर सेल की मदद से कॉल करने वाले नंबरों की लोकेशन और पहचान का पता लगाने में जुटी है।
पानीपत में व्यापारी से 2.5 करोड़ की फिरौती मांगी:बंबीहा गैंग के नाम पर धमकी भरी कॉल; पूरा दिन दहशत में रहा परिवार
