हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक 16 साल के नाबालिग लड़के की मौत हो गई। मृतक राजस्थान के बहरोड़ कस्बे के गांव का रहने वाला था तथा बहरोड़ के प्राइवेट स्कूल में दसवीं में पढ़ता था। वह अपने पापा की बाइक काे पंचर वाले के पास खड़ा कर वापस आ रहा था। राजस्थान के जिला कोटपुतली-बहरोड़ के तहसील बहरोड़ अंतर्गत गांव ढिंढोर निवासी मृतक सोहित के चाचा सुरेश सिंह ने थाना नांगल चौधरी में शिकायत देते हुए बताया कि उनका 16 वर्षीय भतीजा सोहित अपने पिता की मोटरसाइकिल को लेकर मोरुंड स्टैंड पर गया था। वहां पर वह बाइक को छोड़कर वापस पैदल आ रहा था। रास्ते में पैदल चल रहे सोहित को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और अचेत अवस्था में पड़ा रहा। राहगीरों ने परिजनों को दी सूचना घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को जानकारी दी। सुरेश सिंह ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक घायल सोहित को एम्बुलेंस के माध्यम से नांगल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया जा चुका था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कराया पोस्टमॉर्टम हादसे की सूचना मिलने के बाद नांगल चौधरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद डेडबॉडी परिजनों को सौंप दी। सोहित की असमय मौत से गांव ढिंढोर में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नारनौल में एक्सीडेंट में राजस्थान के लड़के की मौत:गाड़ी ने मारी टक्कर, बाइक में पंचर लगवाने आया, दुकान पर खड़ी कर लौट रहा
