फोन टैपिंग का मुद्दा उठाना ही गलत: पटेल
जोधपुर, 15 फरवरी (हि.स.)। संसदीय कार्य विभाग विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने मोबाइल टैपिंग मामले में कहा है कि फोन टैपिंग का मुद्दा उठाना ही गलत है। नियमों के तहत विधानसभा में यह मुद्दा लाया जाना चाहिए था। हम पर जवाब देने को तैयार है। यह बात उन्होंने शनिवार काे यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि फोन टैपिंग पर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा खुद कह चुके हैं कि उन्हें सिर्फ इनपुट मिला था इसलिए यह विषय ही खत्म हो जाता है। वहीं जवाहर सिंह बेढम ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार का अधिकृत जवाब दे दिया था, इसलिए अब यह मुद्दा ही खत्म हो चुका है। मुझे विश्वास है कि हमारे साथी बजट सत्र में भाग लेंगे और मुद्दों की बात रखेंगे।
कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल आज अपने गृह नगर जोधपुर प्रवास पर थे। उन्होंने सर्किट हाउस में जनसुनवाई की और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान पंचायत के उपचुनाव में निर्वाचित रोहिला गाव के सरपंच कैलाश और पंचायत समिति केरु के वार्ड 14 से उपचुनाव में निर्वाचित दिनेश राजपुरोहित का साफा पहना कर स्वागत किया। पटेल ने कहा कि यह निर्वाचन सरकार के कामों पर मोहर है। जिला अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद पहला चुनाव हुआ है सब ने मेहनत की और उसी का परिणाम है यह जीत। अब सभी मिलकर विकास के कामों को आगे बढ़ाएंगे।
