रेल मदद ऐप से यात्रियों की समस्या का होगा समाधान, मिलेगी सुविधा : डीआरएम

Spread the love

युद्ध स्तर पर 24 वॉर रूम कर रहा निगरानी, हर गतिविधि पर है नजर

झांसी, 19 अक्टूबर । उत्तर मध्य रेलवे के झांसी रेल मंडल ने दीपावली और छठ पर्व पर रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर सुरक्षित और सहज यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की है। अमावस्या पर चित्रकूट धाम दर्शन के लिए भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ियों को संचालित किया जा रहा है। किसी भी समस्या या सुविधा के लिए रेल मदद एप की मदद लें। यही नहीं स्टेशन पर 24 घंटे संचालित वॉर रूम हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। यह जानकारी मंडल रेल प्रबंधक झांसी रेल मंडल अनिरुद्ध कुमार ने रविवार को दी।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में झांसी रेल मंडल प्रबंधक (डीआरएम) ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ के साथ-साथ सिविल पुलिस भी काफी सहयोग दे रही है। झांसी मंडल से आमतौर पर रोजाना 150 ट्रेन गुजरती हैं लेकिन त्योहारों को देखते हुए इनके साथ ही प्रतिदिन 46 स्पेशल ट्रेनों को चलाया जा रहा है। इतना ही नहीं जनता की विशेष मांग कर पर औसतन 20 से 22 ट्रेन पिछले एक सप्ताह से चल रही है जिनमें से 7 ट्रेनें झांसी मंडल से चलाई जा रही है। झांसी स्टेशन से 6 और एक ग्वालियर से एक ट्रेन चलाई जा रही है। मंडल के प्रमुख स्टेशनों झांसी, चित्रकूट, मुरैना और ग्वालियर पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर की स्थापना की गई है और इसके अलावा कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं।

पर्व के दौरान ट्रेनों में पटाखे और किसी ज्वलनशील पदार्थ को लेकर कोई यात्री ना चले इसकी पूरी व्यवस्था की जा रही है और इसको सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी मिलकर काम कर रहे हैं।

डीआरएम ने बताया कि झांसी मंडल के मंडल कार्यालय पर एक वार रूम बनाया गया है, जो 24 घंटे कार्यरत है। इस बार रूम में झांसी के अलावा चित्रकूट और ग्वालियर के स्टेशनों की भी फोटो लगातार प्रसारित हो रही हैं, ताकि वार रूम में मौजूद अधिकारी और पर्यवेक्षक हर स्टेशन पर व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रख सके। उन्होंने बताया कि यात्रियों की आवक पर व्यवस्था तथा यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए झांसी और ग्वालियर के रेलवे स्टेशनों पर भी वार रूम बनाए गए हैं। ताकि अगर कोई अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है तो वहां मौजूद अधिकारी और पर्यवेक्षक तुरंत कार्रवाई कर सके और यात्रियों को हो रही समस्या का त्वरित समाधान हो सके।

डीआरएम ने स्पष्ट किया कि झांसी मंडल से चलने वाली सभी ट्रेनों और विशेष ट्रेनों के साथ-साथ जनता की मांग पर शुरू की गई सभी ट्रेनों को समय से चलने के लिए मंडल प्रशासन पूरी तरह से प्रयास कर रहा है। विशेष ट्रेनों का संचालन भी समय से कराया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही साथ सामान्य ट्रेनों को भी समय से ही चलने के प्रयास किये जा रहे हैं। ‌उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ट्रेनों में चलने वाले आरपीफ के स्टाफ की संख्या को भी दोगुना कर दिया गया है। यात्रियों से अपील की कि स्टेशन पर या यात्रा के दौरान अगर उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा,असुरक्षा या ओवर रेटिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है तो वह रेल मदद ऐप का इस्तेमाल करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं। ऐसा करने पर उन्हें जल्द से जल्द सहायता मुहैया कराई जाएगी और संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

मुख्य स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24×7 निगरानी की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल एवं स्टेशन स्टाफ को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सभी प्रमुख स्टेशनों पर ड्यूटी अवधि 12 घंटे की कर दी गई है तथा सुरक्षा बलों की छुट्टियाँ रद्द की गई हैं। रेलवे बोर्ड की ओर से चित्रकूट स्टेशन पर अतिरिक्त 30 आरपीएसएफ जवानों की तैनाती की गई है, जो बिहार की दिशा में जाने वाली ट्रेनों की विशेष निगरानी करेंगे। बीना, धौलपुर, इटावा आदि स्टेशनों से आने वाली ट्रेनों में भी सघन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

चित्रकूट स्टेशन पर आगामी कार्तिक दीपावली अमावस्या मेले के अवसर पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से 20 से 23 अक्टूबर 2025 तक 2 मेला स्पेशल अनारक्षित गाड़ियों का सञ्चालन वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी-चित्रकूट धाम कर्वी-वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी के मध्य किया जा रहा है, इसके अतिरिक्त झाँसी-बांदा मेमू को चित्रकूट तक विस्तारित किया जा रहा है।

इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल बिजली अभियंता अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे संजय कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, मुख्य प्रचार निरीक्षक प्रदीप सुड़ेले, वरिष्ठ जनसंपर्क निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे।