लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को जर्मनी में कहा कि RSS प्रमुख खुले तौर पर कह रहे हैं कि सच्चाई का कोई महत्व नहीं है, शक्ति महत्वपूर्ण है। यही उनमें और हममें अंतर है। राहुल गांधी जर्मनी की राजधानी बर्लिन में ओवरसीज इंडियन कांग्रेस के कार्यक्रम कनेक्टिंग कल्चर्स में भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भारतीय समुदाय की भी तारीफ की और कहा कि वे देश के लिए बेहतरीन राजदूत हैं। इसी के साथ उन्होंने जर्मन थिंक-टैंक में शामिल नेताओं के साथ बातचीत की और हर्टी स्कूल में संबोधन किया। यहां उन्होंने तेजी से बदलते वैश्विक माहौल के बीच भारत की दिशा पर अपनी बात रखी। लोकतंत्र केवल सरकार की व्यवस्था नहीं बल्कि जवाबदेही है हर्टी स्कूल में अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र केवल सरकार की एक व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह जवाबदेही है। उन्होंने नेतृत्व, लोकतंत्र और वैश्विक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर विचार साझा किए। राहुल गांधी ने बदलते वैश्विक शक्ति संतुलन और भारतीय लोकतंत्र की मौजूदा स्थिति पर भी अपनी राय रखी। कांग्रेस के अनुसार, उन्होंने समावेशी और समान शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और संरचनात्मक असमानताओं को दूर करने के लिए मजबूत वैश्विक सहयोग की जरूरत बताई। कांग्रेस सच्चाई के साथ खड़ी है कनेक्टिंग कल्चर्स कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सच्चाई के साथ खड़ी है और भारत की सच्चाई का बचाव करती है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की संस्कृति सच्चाई पर आधारित है और यही विभिन्न धर्मों का भी मूल संदेश है। उन्होंने RSS प्रमुख मोहन भागवत के हाल में दिए बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चाई और शक्ति को लेकर उनके और RSS के दृष्टिकोण में अंतर है। जर्मनी के पूर्व चांसलर के साथ लंच किया राहुल गांधी ने जर्मनी के पूर्व चांसलर ओलाफ स्कोल्ज से लंच पर मुलाकात की। इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच वैश्विक मुद्दों, व्यापार और भारत-जर्मनी संबंधों पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने जर्मनी के वाइस चांसलर लार्स क्लिंगबील और पर्यावरण व जलवायु संरक्षण मंत्री कार्सटन श्नाइडर से भी अलग-अलग मुलाकात की। —————- ये खबर भी पढ़ें… भागवत बोले-हम जहां रहते हैं वो हिंदू घर जैसा दिखे:दीवारों पर विवेकानंद की तस्वीर हो या माइकल जैक्सन की, यह तय करना होगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने 14 दिसंबर को कहा कि हिंदुओ को एकजुट होकर देश को आगे ले जाना होगा। हमें यह तय करना होगा कि घर की दीवारों पर स्वामी विवेकानंद की तस्वीर हो या माइकल जैक्सन की। भागवत ने ये बातें अंडमान के श्रीविजय पुरम में स्थित नेताजी स्टेडियम में विराट हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। पूरी खबर पढ़ें…
राहुल गांधी बोले-RSS के लिए सच्चाई नहीं शक्ति जरूरी:यही उनमें और कांग्रेस में अंतर; जर्मन थिंक टैंक से मिले, हर्टी स्कूल में संबोधित किया
