UGC के खिलाफ आज उत्तर प्रदेश में विरोध प्रदर्शन है। अलग-अलग जिलों में संगठनों ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराने की तैयारी की है। मथुरा में ब्राह्मण संगठनों के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा, जहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट के इस्तीफे के बाद UGC को लेकर नाराजगी और तेज हो गई है, जिसका असर आजमगढ़ में भी दिखेगा, जहां विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसके अलावा मेरठ में भी संगठनों द्वारा UGC के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेशभर में एक साथ हो रहे इन प्रदर्शनों से प्रशासन अलर्ट मोड में है। गोंडा से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने UGC मुद्दे को लेकर फेसबुक पोस्ट के जरिए तीखा निशाना साधा है। विधायक ने अपनी पोस्ट में इतिहास के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाते हुए लिखा कि जहां बाहरी आक्रांताओं और उपनिवेशी ताकतों के अत्याचारों को अतीत की बात कहकर भुला दिया जाता है, वहीं भारतीय समाज के एक वर्ग को लगातार ऐतिहासिक अपराधी बताकर वर्तमान में प्रतिशोध का शिकार बनाया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने UGC के विरोध में इस्तीफा भी देना शुरू कर दिया है- सोमवार को भी कई जिलों में प्रदर्शन हुआ- मेरठ : छात्रों समेत अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। छात्र नेता विमल चौहान ने नियमों को शिक्षा सुधार के नाम पर छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय बताया। कहा- इससे सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों में भय, तनाव और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। सीतापुर : राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए बिल को वापस लेने की मांग की। उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में जातिगत आधार पर कानून बनाना सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देगा। प्रयागराज : कोरांव में सवर्ण समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। ब्लॉक मुख्यालय से शुरू होकर तहसील मुख्यालय तक प्रदर्शन करते हुए गए। यहां SDM को ज्ञापन सौंपा। UGC कानून के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। चेतावनी दी कि मांग न माने जाने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। UGC विरोध को लेकर यूपी में क्या हो रहा है, नीचे एक-एक ब्लॉग में पढ़ते रहिए…
UGC के खिलाफ आज UP में प्रदर्शन:BJP विधायक बोले- दोहरे मापदंडों पर गहन विवेचना हो, भाजपा नेताओं का इस्तीफा
