गुरुग्राम में महंगी होगी प्रॉपर्टी, नई कलेक्टर रेट लिस्ट तैयार:बजघेड़ा फिर सबसे महंगा, सदर बाजार-भूतेश्वर मंदिर के रेट में 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी

Spread the love

गुरुग्राम में जिला प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कलेक्टर रेट (सर्किल रेट) की प्रस्तावित दरें सार्वजनिक कर दी हैं। कई इलाकों में रेजिडेंशियल, कृषि और कॉमर्शियल भूमि के रेट में 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। तहसीलों और उप-तहसीलों से प्राप्त सिस्टम जनरेटेड प्रेडिक्टिव प्रस्तावों को जिला की आधिकारिक वेबसाइट gurugram.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। जिसमें सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में द्वारका एक्सप्रेस-वे से सटा बजघेड़ा गांव शामिल हैं। यहां कृषि भूमि और कॉमर्शियल के रेट में 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। बजघेड़ा में सबसे महंगी कृषि भूमि अभी बजघेड़ा में एक एकड़ जमीन का कलेक्टर रेट 4 करोड़ 30 लाख 30 हजार रुपए है, नया रेट लागू होने पर यहां की कृषि भूमि का रेट 7 करोड़ 53 लाख 25 हजार रुपए प्रति एकड़ होगा। इसके साथ लगते सराय अलावर्दी में भी कृषि भूमि का रेट 75 फीसदी बढ़ाया गया है। इससे किसानों और भूमि मालिकों पर काफी असर पड़ने की संभावना है। हिदायतपुर में भी रेजिडेंशियल जमीन का कलेक्टर रेट पहले 27,500 रुपये प्रति गज था, जो अब प्रस्तावित 48,125 रुपये प्रति गज कर दिया गया है। यह करीब 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इसी तरह शाहपुर और सुखराली में भी रेजिडेंशियल जमीन के रेट में 75 फीसदी की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। कॉमर्शियल क्षेत्रों में भी भारी वृद्धि गोपाल नगर, अशोक विहार, सदर बाजार से भूतेश्वर मंदिर तक के इलाकों में दुकानों और ऑफिस के लिए कॉमर्शियल रेट में भी 75 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है। इससे व्यापारिक संपत्तियों की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी और स्टांप ड्यूटी का बोझ भी बढ़ेगा। 30 मार्च तक आपत्ति दर्ज करने का मौका जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से इन प्रस्तावित दरों पर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। नागरिक 30 मार्च 2026 तक शाम 4:30 बजे तक अपने सुझाव संबंधित तहसील कार्यालय, कमरा नंबर 212 एचआरए शाखा (द्वितीय तल, डीसी कार्यालय) या ईमेल drogrg@hry.nic.in पर भेज सकते हैं। बढ़ोतरी के पीछे का कारण प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती मांग, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और बाजार मूल्यों को ध्यान में रखकर ये दरें प्रस्तावित की गई हैं। पिछले वर्षों में भी गुरुग्राम में सर्किल रेट में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है, जो रियल एस्टेट बाजार को प्रभावित करती रही है। इस बढ़ोतरी से घर खरीदने वालों, बिल्डरों और किसानों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि नई दरें लागू होने के बाद संपत्ति रजिस्ट्री की लागत में वृद्धि होगी। आपत्ति के बाद जारी होंगे फाइनल कलेक्टर रेट जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव ने बताया कि हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार ये दरें तैयार की गई हैं। डीसी अजय कुमार के दिशा-निर्देश पर आमजन को सलाह दी जाती है कि वे वेबसाइट पर दरें चेक करें और यदि कोई आपत्ति हो तो निर्धारित समय में दर्ज कराएं, ताकि अंतिम दरें अधिक यथार्थपूर्ण और न्यायसंगत बन सकें। सभी आपत्तियों और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। अंतिम कलेक्टर रेट की घोषणा बाद में की जाएगी।