उज्जैन में चाइनीज मांझे से पुजारी की गर्दन कटी:10 टांके आए, डॉक्टरों ने दो घंटे ऑपरेशन कर बचाई जान; 15 दिन में दूसरी घटना

Spread the love

प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से उज्जैन में एक पुजारी की गर्दन कट गई। दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद उनकी जान बचाई जा सकी। उन्हें 10 टांके आए हैं। हादसा रविवार शाम 6 बजे का है। मूलतः राजगढ़ जिले के जीरापुर निवासी 20 वर्षीय विनय तिवारी उज्जैन के जयसिंहपुरा में किराए के मकान में रहते हैं। शाम को जब वह बाइक पर कुछ सामान लेकर घर जा रहे थे, तभी रास्ते में चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। कुछ ही देर में वे लहूलुहान हो गए। ऑपरेशन में मांझे के टुकड़े निकाले
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से विनय को तत्काल चरक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के डॉ. आशु वर्मा ने बताया कि विनय की हालत गंभीर थी। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन में गले से चाइनीज मांझे के टुकड़े निकाले गए और 10 टांके लगाए गए। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच सकी। ऑपरेशन के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। देखिए तस्वीरें प्रतिबंध के बाद भी चाइनीज मांझे का इस्तेमाल
उज्जैन में चाइनीज मांझे से घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बावजूद कुछ लोग पतंगबाजी के शौक में प्रतिबंधित चाइना डोर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चाइना मांझे का उपयोग न करें और नियमों का पालन कर दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। उज्जैन में 15 दिन पहले भी ऐसी ही घटनाएं हो चुकी हैं। परीक्षा देकर घर लौट रहे पिपलिया धूमा निवासी 20 वर्षीय योगेश आंजना का खिलचीपुर नाके के पास चाइनीज मांझे से गला कट गया था। उसे भी 10 टांके आए थे। चाइनीज मांझा बेचने वाले का जुलूस निकाला, लोगों ने बजाई तालियां उज्जैन पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ सोमवार को भी कार्रवाई जारी रखी। महाकाल थाना पुलिस ने सैफ अली सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें दो आरोपी नाबालिग हैं, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सैफ अली का महाकाल घाटी चौराहे से बेगम बाग तक जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर चलता रहा और चाइनीज मांझा नहीं बेचने की कसमें खाता नजर आया। पुलिस ने बेगम बाग चौराहे पर जब्त चाइनीज मांझे को जलाया, जिस पर मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर कार्रवाई का समर्थन किया। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। …………………………………………………………… यह खबर भी पढ़ें… पतंग की डोर से कांग्रेस नेता का कान कटा: गोल गले की जैकेट से बची गर्दन पचोर शहर में संक्रांति पर्व से पहले पतंगबाजी के उत्साह के बीच प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हादसों का खतरा बढ़ गया है। सोमवार को कॉलोनी रोड पर बाइक से जा रहे कांग्रेस के पूर्व अजाक्स जिला अध्यक्ष मुकेश मेघवाल पतंग के धारदार धागे की चपेट में आने से घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर