इंदौर में सुबह कार में पुजारी का शव मिला:सिर में लगी थी गोली…पिस्टल बरामद हुई; पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

इंदौर के महालक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार सुबह 5 बजे एक पुजारी का शव कार में मिला है। बताया जा रहा है कि कार अंदर से लॉक थी, जिसे पुलिस ने कांच तोड़कर खोला। मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खजराना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सतीश शर्मा (36), पुत्र कैलाश शर्मा का शव सुबह करीब 5 बजे महालक्ष्मी नगर के एक सुनसान इलाके में खड़ी कार में मिला। उनके सिर में गोली लगी थी। शव को बाहर निकालकर एमवाय अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पूजा का सामान लेने का बोलकर निकले थे सतीश शर्मा लसूड़िया मोरी स्थित एक मंदिर में पुजारी के रूप में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जो साथ रहते हैं। सतीश सोमवार देर शाम पत्नी से पाटनीपुरा से पूजा का सामान लेने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। रात करीब 11 बजे उनके रिश्तेदारों को सतीश का फोन आया, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उनकी कार महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में मिली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सतीश शर्मा ने स्वयं को गोली मारी है या उन पर किसी अन्य ने हमला किया है। सतीश मूल रूप से अशोक नगर जिले के निवासी थे। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। सुसाइड की आशंका जानकारी के मुताबिक पुजारी सतीश शर्मा की इलाके में रहने वाली एक लड़की से दोस्ती थी। इसके चलते परिवार में तनाव चल रहा था। कल भी उनकी बात लड़की से हुई थी। पुलिस अफसरों के मुताबिक लड़की पुजारी को ब्लैकमेल तो नहीं कर रही थी इनकी जांच की जा रही है। मामला सुसाइड का है।