झज्जर एनकाउंटर में खापों की एंट्री की तैयारी:भाजपा नेता ने कहा-पुलिस बेटे को बदमाश बता रही, उस पर ऐसा केस नहीं

Spread the love

झज्जर में 15 जनवरी की देर रात को पुलिस की मुठभेड़ का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। एक तरफ जहां पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज कर ली हैं। वहीं दूसरी तरफ इस मामले में खाप पंचायतों की एंट्री हो सकती है। पुलिस की गोली लगने से घायल डीघल गांव के पंकज अहलावत के पिता आनंद सिंह ने कहा कि खाप पंचायतों के सामने मामला रखेंगे। भाजपा नेता आनंद सिंह केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन और डीघल गांव के सरपंच रह चुके हैं। उनका बड़ा बेटा प्रदीप अहलावत भाजपा प्रवक्ता है। परिवार खनन कारोबार से जुड़ा है। मीडिया से बातचीत में आनंद सिंह ने कहा- हमने हमेशा खाकी का सम्मान किया। आज हमारे ही बेटे का फर्जी एनकाउंटर कर दिया। राजनीतिक लोगों से बात करेंगे, अगर फिर भी बात नहीं बनी तो सभी खापों का सहारा लेना पड़ेगा। पुलिस कह रही है कि बदमाशों का एनकाउंटर किया, जबकि पंकज पर ऐसा कोई केस नहीं है। झज्जर के DCP (क्राइम) अमित दहिया ने इस मामले में प्रेस कान्फ्रेंस में यही बताया कि पंकज के खिलाफ एक धोखाधड़ी (420) का केस दर्ज है। पढ़िए पंकज के पिता ने ने क्या आरोप लगाए… पुलिस की 2 FIR में किन अहम बातों का जिक्र पहली FIR: गाड़ी में अवैध असलहा की सूचना पर पीछा किया
झज्जर शहर थाने में हवलदार अमरजीत की शिकायत पर FIR दर्ज हुई। जिसमें कहा- ASI प्रवीन के साथ प्राइवेट गाड़ी i20 में ड्यूटी पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि HR14U-8642 में अवैध असलहा है। सांपला फ्लाईओवर के पास नाकेबंदी की। संदिग्ध गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने गाड़ी भगा ली। सुर्खपुर मोड़ के पास फिर गाड़ी रोकने की कोशिश की तो कार में बैठे लड़कों ने पुलिस पार्टी पर गोली चलाई। गोली ASI प्रवीन को लगी। आरोपी गाड़ी भगा ले गए। रात 10ः45 बजे पुलिस कंट्रोलरूम से वीटी हुई। दूसरी FIR: पुलिस की गाड़ी पर दो फायर किए
​​​​​​​CIA के इंस्पेक्टर राम अवतार की शिकायत पर बेरी थाने में दूसरी एफआईआर दर्ज हुई। जिसमें कहा- CIA इंस्पेक्टर कर्मबीर सिंह ने फोन पर सूचना दी कि आल्ट्रोज कार (HR14U-8642) में सवार 4-5 लड़के ASI प्रवीन को गोली मारकर भागे हैं। रात 11ः30 बजे पहाड़ीपुर से जहाजगढ़ के बीच यह गाड़ी दिखी। रुकने का इशारा किया तो बोलेरो गाड़ी को टक्कर मारी। 3 युवक नीचे उतरे। तभी एक युवक ने पुलिस टीम की गाड़ी पर दो फायर किए, जो शीशे पर लगे। फिर युवक खेतों की तरफ भागे। पुलिस ने उनके पैरों पर निशाना साधकर फायर किया। गोली एक के टखने पर लगी। पकड़े गए युवक ने अपना नाम पंकज बताया। फिर नीतिश उर्फ काले और रोहित पहाड़ीपुर को भी पकड़ा, जो पिस्तौल बरामद हुआ, उस पर वेबले स्कॉट इंग्लैंड मार्का है।​​​​​​​ पंकज पर पहले से दर्ज है 420 का मामला
​​​​​​​मुठभेड़ मामले में DCP क्राइम अमित दहिया ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों पर केस दर्ज हैं। गोली लगने से घायल आरोपी पंकज के खिलाफ दिल्ली के आर के पुरम में एक 420 का मामला दर्ज है। वहीं अन्य पुलिस द्वारा पकड़े गए दो आरोपियों में से एक पर 5 मुकदमे दर्ज हैं और दूसरे पर एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस कमिश्नर ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर खुद पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह पहुंचीं। DCP क्राइम अमित दहिया व झज्जर DCP लोकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। साथ ही फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ASI निजी अस्पताल, पंकज PGI में भर्ती कराया
​​​​​​​पुलिस ने घायल पंकज को रोहतक PGI में भर्ती कराया है। उसकी हालत नाजुक बताई गई है। दूसरी तरफ घायल ASI प्रवीण का ऑस्कर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। ASI को जांघ में गोली लगी। गोली के कारण हड्डी टूट गई है। इलाज के लिए 4 यूनिट खून की जरूरत पड़ी।