हरियाणा में घरेलू गैस की चल रही किल्लत के बीच पेट्रो कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में 1.89 से लेकर 2.35 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी है। दाम में इजाफा अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते कच्चे तेल के दाम में बढ़ोतरी के बाद किया गया है। हालांकि, हालांकि, सामान्य पेट्रोल की कीमत में बदलाव नहीं हुआ है। हरियाणा में करीब 3 हजार पेट्रोल पंप हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन (HPC) ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में प्रति लीटर 1.89 रुपए की बढ़ोतरी की है। वहीं भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन (BPCL) ने 2.09 रुपए प्रति लीटर दाम बढ़ाए हैं। इंडियन ऑयल कारपोरेशन (IOC) ने प्रति लीटर प्रीमियम पेट्रोल के दामों में 2.35 रुपए की बढ़ोतरी की है। पेट्रोल की कीमतों में यह बढ़ोतरी कच्चा तेल महंगा होने की वजह से की गई है। ईरान जंग की वजह से कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गए है। इंडियन बास्केट की कीमत 70 डॉलर से बढ़कर 146 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। प्रीमियम पेट्रोल महंगा होने से हरियाणा में क्या बदलेगा प्रीमियम पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर 95 या उससे ज्यादा होता है। हाई-एंड इंजन वाली गाड़ियां इसी ईंधन पर बेहतर परफॉरमेंस देती हैं। कीमतों में 2 रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी होने से उन ग्राहकों का मंथली फ्यूल बजट बढ़ जाएगा जो अपनी गाड़ियों के इंजन की लंबी उम्र और बेहतर पिकअप के लिए प्रीमियम फ्यूल ही लेते हैं। बड़े शहरों जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, करनाल, पंचकूला, पानीपत, रोहतक में प्रीमियम पेट्रोल की दरें अब रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच सकती हैं। हरियाणा में हर रोज 2 लाख लीटर प्रीमियम पेट्रोल की खपत हरियाणा के पेट्रो विशेषज्ञों के अनुसार, हरियाणा में रोजाना पेट्रोल खपत 40 लाख लीटर है। ये सामान्य पेट्रोल का आंकड़ा है, इसमें प्रीमियम पेट्रोल की खपत 4 से 5% ही होती है यानी 1.6 से 2 लाख लीटर प्रतिदिन (लगभग) प्रीमियम पेट्रोल की यूज होता है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रीमियम पेट्रोल का अलग-अलग राज्य के लिए आधिकारिक सार्वजनिक डेटा आमतौर पर जारी नहीं होता, इसलिए यह राष्ट्रीय ट्रेंड के आधार पर अनुमान माना जाता है। सामान्य पेट्रोल के मुकाबले खपत कम हरियाणा में सरकारी पेट्रो कंपनियों को छोड़कर प्राइवेट पेट्रो कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी नहीं की है। हरियाणा पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पूर्व प्रधान और पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने बताया कि रिलायंस और नायरा ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। गोगी ने बताया कि हरियाणा में करीब 3 हजार पेट्रोल पंप हैं, हालांकि इसकी खपत सामान्य पेट्रोल के मुकाबले काफी कम है। यहां जानिए क्या है प्रीमियम पेट्रोल प्रीमियम पेट्रोल सामान्य पेट्रोल की तुलना में उच्च ऑक्टेन रेटिंग (आमतौर पर 91 या अधिक) और सफाई करने वाले एडिटिव्स वाला ईंधन है। यह हाई-परफॉर्मेंस, लग्जरी या टर्बोचार्ज्ड इंजन वाली गाड़ियों के लिए बेहतर है, जो इंजन में कार्बन जमाव को रोकता है, नॉकिंग कम करता है और बेहतर स्मूथ पिकअप प्रदान करता है। भारत पेट्रोलियम यानी BPCL प्रीमियम पेट्रोल को स्पीड नाम से बेचता है। वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम यानी HPCL इसे पावर और इंडियन ऑइल यानी IOCL XP95 के नाम से इसे बेचता है। ये सामान्य पेट्रोल के मुकाबले करीब 10-12 रुपए महंगा होता है। ————– यह भी पढ़ें- पंजाब-चंडीगढ़ में प्रीमियम पेट्रोल रेट ₹2 तक बढ़े:सुबह 6 बजे से कीमत 107 रुपए प्रति लीटर तक हुई; नॉर्मल पेट्रोल पर अभी असर नहीं पंजाब में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 2 रुपए बढ़ा दी गई है। नॉर्मल पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सामान्य पेट्रोल पुरानी कीमत पर ही मिलेगा। नए रेट आज सुबह छह बजे से लागू हो गए है। सभी जिलों में करीब दो रुपए ही रेट में इजाफा हुआ है। पढ़ें पूरी खबर….
हरियाणा में महंगा हुआ प्रीमियम पेट्रोल:3 सरकारी कंपनियों ने ₹2.35 दाम बढ़ाए, प्राइवेट ने नहीं की बढ़ोतरी; हर रोज 2 लाख लीटर की खपत
