‘मैच जीतना तो एक खेल है, लेकिन इससे पूरे देशवासी खुश हो जाते हैं। भारतवासी खेल को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव से जोड़कर देखते हैं। इसलिए खिलाड़ी को हमेशा जीतने की कोशिश करनी चाहिए। अच्छा अभ्यास करना चाहिए और भगवान का चिंतन रखना चाहिए।’ यह बात संत प्रेमानंद महाराज ने केली कुंज आश्रम पहुंचीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा से कही। दीप्ति शर्मा ने शुक्रवार को वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उनसे कई सवाल पूछे। संत प्रेमानंद महाराज ने भी दीप्ति शर्मा से आत्मीय बातचीत की। इस दौरान संत प्रेमानंद महाराज ने कहा कि टूर्नामेंट जीतने के बाद खिलाड़ी अक्सर अभ्यास छोड़कर मनोरंजन की ओर ध्यान केंद्रित कर देते हैं। जीत पर और अधिक सावधान रहना चाहिए। नित्य अभ्यास जारी रखना चाहिए। अभ्यास ही वह कुंजी है, जिससे निरंतर आगे बढ़ा जा सकता है। इससे पहले, केली कुंज आश्रम पहुंचने पर आश्रम के सेवादारों ने दीप्ति शर्मा का राधा रानी की प्रसादी चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। प्रेमानंद महाराज के शिष्य नवल नागरी ने दीप्ति शर्मा का उनसे परिचय कराया। संत नवल नागरी ने संत प्रेमानंद महाराज से कहा- ये भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य दीप्ति शर्मा हैं। हाल ही में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रही हैं। संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के दौरान दीप्ति शर्मा मुस्कुराती रहीं और हाथ जोड़कर उनके सामने श्रद्धापूर्वक खड़ी रहीं। प्रसन्नता देना सबसे बड़ी बात
प्रेमानंद महाराज ने कहा- जब खिलाड़ी एक मैच जीतते हैं, तो सुखी केवल वे ही नहीं होते। सभी भारतवासी यह महसूस करते हैं कि हम जीते, भारत जीता। पूरा नगर और देश प्रसन्न हो जाता है। यह अपने आप में बहुत बड़ा परोपकार भी है। प्रसन्नता देना सबसे बड़ी बात है। इसके लिए लगातार प्रयास करना चाहिए, ताकि हम विजय को प्राप्त कर सकें। अगर हम अच्छा अभ्यास करें, तो प्रवीण खिलाड़ी बन सकते हैं। अक्सर खिलाड़ी जीत मिलने के बाद अभ्यास में ढील दे देते हैं और मनोरंजन में उलझ जाते हैं, जिससे आगे उन्नति रुक जाती है। प्रेमानंद महाराज बोले- जीत मिलने के बाद हमें ज्यादा सावधान होना चाहिए
संत प्रेमानंद महाराज ने दीप्ति शर्मा से कहा- जीत मिलने पर और अधिक सावधान हो जाना चाहिए। रोज अभ्यास करते रहना चाहिए। अगर हम लगातार अभ्यास कर प्रवीणता बढ़ाएं, तो आगे बढ़ते चले जाते हैं। इस दौरान शिष्य नवल नागरी महाराज ने भी कहा- पहले भी महाराज जी आपने यही कहा था कि अभ्यास ही सफलता का मूल कारण है और उसी का परिणाम हमें मिलता है। दीप्ति सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर
दीप्ति शर्मा विमेंस टी-20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उनके नाम अब 133 मैचों में 152 विकेट हो गए हैं। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट हैं, जिन्होंने 123 मैचों में 151 विकेट लिए हैं। सबसे पहले दीप्ति शर्मा के बारे में जानिए
दीप्ति ने अपने आलराउंडर प्रदर्शन से भारत को विश्वविजेता बनने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने बल्ले का जौहर दिखाते हुए वर्ल्ड-कप में कुल 215 रन बनाए। 22 विकेट झटके। इसी हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब भी मिला। इसके बाद यूपी सरकार ने दीप्ति शर्मा को 1.5 करोड़ रुपए का इनाम देने की घोषणा की। ————————— यह खबर भी पढ़ें- धमकियों के बीच पवन सिंह मां के साथ लखनऊ शिफ्ट, बच्चों को दुलारा, मंदिर में पूजा की भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह बिहार छोड़ लखनऊ में शिफ्ट हो गए हैं। उन्होंने नए साल पर अपनी मां के साथ लखनऊ के आलीशान घर में गृह प्रवेश किया। उनके साथ सुरक्षा गार्ड भी था। गृह प्रवेश से पहले पवन सिंह ने सोसाइटी के मंदिर में जाकर भगवान की पूजा की और मां के साथ आशीर्वाद लिया। इसके बाद विधि-विधान से नए घर में प्रवेश किया। पढ़िए पूरी खबर…
महिला क्रिकेटर से बोले प्रेमानंदजी-मनोरंजन में फंसे तो करियर खत्म:कहा- क्रिकेट खेल है, लेकिन जीत पर पूरा देश खुश होता है
