सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर प्याऊ मनियारी के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से फैक्ट्री से घर लौट रही 7 माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुट चुकी है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। हाईवे पार करते समय हुआ हादसा मृतक महिला के पति करण ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी विनीता और उसकी सास (विनीता की मां) देर शाम फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही थीं। जब वह दोनों प्याऊ मनियारी के पास सड़क पार कर रही थी तो एक कार ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में तोड़ा दम नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान 20 वर्षीय विनीता ने दम तोड़ दिया। विनीता सात माह की गर्भवती थीं। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर अंदरूनी चोटों के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। मां की हालत गंभीर, पीजीआई रोहतक रेफर हादसे में घायल विनीता की मां मंजू की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पति करण ने बताया कि उसकी पत्नी विनीता और सास मंजू कुंडली स्थित चप्पल फैक्ट्री में काम करती थीं। दोनों शुक्रवार देर शाम फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। डेढ़ साल पहले हुआ था विवाह करण ने बताया कि उसका डेढ़ साल पहले विनीता से विवाह हुआ था। वे पिछले तीन साल से प्याऊ मनियारी की पेपर मिल कॉलोनी में रह रहे हैं। विनीता शादी से पहले भी यहीं रहती थीं और करीब दो साल से फैक्ट्री में नौकरी कर रही थीं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
