कुरुक्षेत्र में सन्निहित सरोवर से बरामद कटे हुए सिर का पुलिस ने आज (गुरुवार को) पोस्टमॉर्टम करवाया। साथ ही पुलिस ने सिर का अंतिम संस्कार भी करवा दिया। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. गौरव कौशिक ने DNA के लिए कटे सिर के जबड़े से दांत का सैंपल लिया है। इस दांत के सैंपल को 30 दिसंबर को थीम पार्क से मिली सिर कटी लाश से लिए गए हड्डी के सैंपल से मैच किया जाएगा। उधर, पुलिस ने दावा किया कि सरोवर से मिला सिर पार्क से मिले दिव्यांग व्यक्ति का ही होगा। मर्डर के बाद आरोपियों ने सिर काट लिया और उसे सन्निहित सरोवर में फेंककर फरार हो गए। पहचान के लिए पोस्टर जारी अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। सरोवर से सिर मिलने के बाद पुलिस को पहचान होने की उम्मीद है। इसके लिए पुलिस ने शव की पहचान के लिए पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर में सिर के साथ मरने वाले कृत्रिम टांग और अन्य डिटेल शेयर की गई हैं। महिला सफाई कर्मचारी ने देखा सिर सरोवर की सफाई कर रही महिला कर्मचारी मनप्रीत कौर ने बताया कि मैं मंगलवार दोपहर को सरोवर के आसपास सफाई कर रही थी। इसके बाद मैं सरोवर की भी सफाई करने लगी। अचानक से मेरी नजर सरोवर में पड़ी काली सी चीज पर पड़ी। काली चीज से टकराया झाड़ू कोने में झाड़ू लगाते हुए मेरा झाड़ू उस काली चीज से टकरा गया। पहले तो मुझे समझ नहीं आया, लेकिन जैसे ही मैंने देखा कि यह तो सिर है, तो मुझे डर लग गया। इसकी सूचना मैंने अपने साथी सफाई कर्मियों को दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पार्क में मिली थी डेडबॉडी थाना कृष्णा गेट के SHO बलजीत सिंह ने बताया कि 30 दिसंबर को थीम पार्क में सुबह 8-9 बजे किसी व्यक्ति की डेडबॉडी मिली थी। हालांकि, उसका सिर मौके पर नहीं मिला। उसकी पहचान के लिए पुलिस कोशिश कर रही है। डेडबॉडी की एक टांग भी कटी थी, जिस पर आर्टिफिशियल लेग लगी हुई थी। सरोवर के पास ही है पार्क बताया कि सिर सरोवर में मिला और धड़ पार्क में। दूरी के हिसाब से दोनों के बीच केवल गुजर रही एक सड़क का फासला है। दोनों की आपस में दूरी मुश्किल से 30 मीटर है। पुलिस को आशंका है कि हत्यारों ने पार्क में हत्या कर सिर काट लिया हो और उसे यहां सरोवर में फेंक दिया हो। रेलवे रोड पर मिली थी कृत्रिम टांग जांच में सामने आया था कि मृतक दिव्यांग था। उसकी कृत्रिम टांग रेलवे रोड पर मिली थी, जिससे अंदाजा लगाकर सिर की तलाश भी उसी दिशा में की गई। हालांकि, पुलिस को अंदाजा है कि हत्या पार्क में ही की गई, क्योंकि मौके से सीरिंज और खून से सना चाकू भी बरामद हुआ था। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस SHO बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मरने वाले की पहचान की कोशिश कर रही है। पार्क और सरोवर के आसपास से सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पहचान के लिए पोस्टर भी जारी किया गया है। पहचान के बाद ही कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
कुरुक्षेत्र सरोवर से मिले सिर का पोस्टमॉर्टम:DNA के लिए दांत का सैंपल लिया, पहचान के लिए पोस्टर जारी, पुलिस खंगाल रही फुटेज
