हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी घमासान:हथीन विधायक इसराइल चौधरी की सुरक्षा बढ़ी, बेटे ने तोड़ा रिश्ता, नाजिम बोले-मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही

Spread the love

हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी बीच हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बीच उनके बेटे नाजिम चौधरी ने अपने पिता से रिश्ता तोड़ने की घोषणा कर दी है। नाजिम का आरोप है कि उनके पिता ने क्रॉस वोटिंग कर कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है। 6 अतिरिक्त जवान किए गए तैनात पुलिस सूत्रों के अनुसार विधायक इसराइल चौधरी की सुरक्षा में हरियाणा पुलिस के 6 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। इनमें चार हथियारबंद सुरक्षाकर्मी पायलट गाड़ी में उनके साथ रहेंगे, जबकि दो जवान हथीन स्थित उनके आवास पर तैनात रहेंगे। पहले से ही उनकी सुरक्षा में दो पीएसओ मौजूद हैं। DC और SP पहुंचे विधायक के घर ईद-उल-फितर के मौके पर डीसी हरीश कुमार वशिष्ठ और एसपी वरुण सिंगला विधायक के निवास पर पहुंचे। आधिकारिक तौर पर इसे ईद की बधाई देने की मुलाकात बताया गया, लेकिन इस दौरे को लेकर नाजिम चौधरी ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इस तरह का दौरा कई तरह के संदेह पैदा करता है। परिवार की साख पर लगा दाग नाजिम चौधरी ने कहा कि उनका परिवार हरियाणा की राजनीति में पांचवीं पीढ़ी से सक्रिय है और आज तक कभी ऐसा आरोप नहीं लगा। उन्होंने कहा कि उनके पिता के इस कदम से पूरा परिवार आहत और हैरान है। 2027 परिसीमन बना बड़ी वजह राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, क्रॉस वोटिंग के पीछे 2027 में होने वाला विधानसभा परिसीमन एक बड़ा कारण माना जा रहा है। इसके अलावा इसराइल चौधरी की हुड्डा गुट से बढ़ती दूरी को भी अहम वजह बताया जा रहा है। यूथ कांग्रेस में सक्रिय हैं नाजिम नाजिम चौधरी वर्तमान में यूथ कांग्रेस में सचिव पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने एमए पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई पूरी की है और वे राहुल गांधी की विचारधारा से प्रभावित हैं। नाजिम ने साफ कहा कि वे कांग्रेस के साथ ही जुड़े रहेंगे और पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।